कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके साथ सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहे। 

रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। राहुल गांधी के साथ मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी मौजूद रहीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी नामांकन के समय मौजूद थे। 3 मई यहां नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 20 मई को मतदान होने वाला है।

Scroll to load tweet…

बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह से होगा राहुल गांधी का मुकाबला

रायबरेली सीट पर राहुल गांधी का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह से होगा। रायबरेली से सोनिया गांधी चुनाव लड़ती थीं। वह राज्यसभा चली गईं हैं। शुरू में चर्चा थी कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया है।

किशोरी लाल शर्मा ने अमेठी से भरा पर्चा

अमेठी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके नामांकन रोड शो में कुछ देर के लिए प्रियंका गांधी शामिल हुईं। इसके बाद वह रायबरेली चली गईं। अमेठी में प्रियंका गांधी ने कहा, "किशोरी जी अमेठी की गांव-गलियों और कार्यकर्ताओं को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। वे यहां की समस्याओं को भी भली-भांति समझते हैं। वह पिछले 40 साल से आपकी सेवा कर रहे हैं। इसलिए मेरा विश्वास है कि आप सभी हमारे साथ मिलकर किशोरी जी को जीत दिलाएंगे।"

नामांकन दाखिल करने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, "जनता के हाथ में है किसको हराएगी, किसको जिताएगी। हमलोग मेहनत करेंगे। हमारा संगठन यहां पहले से काम कर रहा है। हम उसी के बल पर चुनाव लड़ेंगे और जनता के बल पर चुनाव लड़ेंगे। जनता ने पहले से मन बना लिया है। जनता 5 साल में जिसका काम देखती है उसके प्रति मन बना लेती है। यहां की जनता हमारे दिल में बैठी है। यहां हम 40 साल से काम कर रहे हैं।"

यह भी पढ़ें- वायनाड से रायबरेली आए राहुल को PM ने दी सांत्वना, उधर मोदी को मिला संत का आर्शीवाद- WATCH VIDEO

कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण ने किया नामांकन

उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने कहा, "यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा पल है। मैं कैसरगंज को, सारी जनता को धन्यवाद देता हूं। निवेदन करता हूं कि मुझे भी पिताजी जितना प्यार और आशीर्वाद दें।"

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: क्रैश हुआ शिवसेना नेता को लेने जा रहा हेलीकॉप्टर, बाल-बाल बची पायलट की जान