महाराष्ट्र में एमवीए सरकार (MVA Government) गिरने के बाद विपक्षी पार्टियां भाजपा (BJP) पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रही हैं। एलपीजी सिलेंडर (LPG Price hike) के दाम 50 रुपए बढ़ाने पर एनसीपी ने केंद्र सरकार से सवाल पूछा है। 

मुंबई. एलपीजी सिलेंडर के दामों में 50 रुपए की बढ़ोतरी होने के बाद राकांपा ने भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की है। एनसीपी ने केंद्र सरकार से पूछा है कि क्या महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को गिराने पर खर्च किए गए पैसे की वसूली नागरिकों से की जाएगी। केंद्र ने बुधवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की दरों में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की है। मई 2022 के बाद से घरेलू गैस की दरों में तीसरी बार बढ़ोतरी की गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने बुधवार को एक बयान में कहा कि इसमें संदेह की गुंजाइश नहीं है कि महाराष्ट्र सरकार को गिराने पर खर्च की गई राशि रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के जरिए वसूल की जा रही है। तापसे ने कहा कि एक तरफ महा विकास अघाड़ी के बागी 50 विधायक का खर्च और दूसरी ओर महाराष्ट्र में सत्ता संभालने के तुरंत बाद केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए। तापसे ने कहा कि 50 बागी विधायकों को सूरत ले जाया गया। वहां से गुवाहाटी ले जाया गया और फिर गोवा के पॉश होटलों में आदर सत्कार किया गया। 

50 विधायक तोड़े, 50 रुपए की बढ़ोतरी की
तापसे ने पूछा कि पूरे ऑपरेशन के पीछे अदृश्य शक्ति ने बड़ी राशि खर्च की होगी। देश के आम नागरिक को कोई आश्चर्य नहीं होगा कि एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी का इससे लेना-देना है। 50 विधायक और एलपीजी की कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी एक जैसी लगती है, क्या उनका कोई संबंध है?। राकांपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक दिन पहले ही पेट्रोल और डीजल पर कर कम करने का वादा किया था। बुधवार को भाजपा ने एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए तो लोग हैरान रह गए। इससे पता चलता है कि वास्तविकता धारणा से अलग है।

सुप्रिया सूले ने किया ट्वीट
इस बीच राकांपा लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने ट्वीट किया कि आम आदमी पहले से ही महंगाई से त्रस्त है और इस तरह की बढ़ोतरी से उसे और अधिक नुकसान होने की संभावना है। मुंबई में लोगों को एलपीजी सिलेंडर के लिए 1,052 रुपये से अधिक का भुगतान करना होगा। सुप्रिया सूले ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से बढ़ोतरी को कम करने की भी अपील की है। 

कितने बढ़ गए एलपीजी सिलेंडर के दाम
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में फिर इजाफा हुआ है। आज से देश में 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ गए हैं। देश की राजधानी नई दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1053 रुपये हो गई है। कोलकाता में गैस सिलेंडर 1079 रुपये, मुंबई में 1052 रुपये और चेन्नई में 1068 रुपये का मिलेगा। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के अलावा 5 किलो वाले घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत में 18 रुपये का इजाफा किया गया है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 8.50 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से कटौती की गई है। 

यह भी पढ़ें

LPG Cylinder Price Hike: सरकार ने आम लोगों को दिया तगड़ा झटका, घरेलू गैस सिलेंडर 50 रुपए हुआ महंगा