बेंगलुरु के एक सर्विस अपार्टमेंट में 19 साल की असमिया युवती की उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। युवती का शव कई दिनों बाद बरामद हुआ, प्रेमी फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेंगलुरु। बेंगलुरु के एक सर्विस अपार्टमेंट में प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर दी। मृतक युवती की उम्र 19 साल थी। वह असम की रहने वाली थी। उसके प्रेमी ने पूरी योजना बनाकर हत्याकांड को अंजाम दिया। वह शव के साथ एक दिन होटल में रहा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मृतका की पहचान माया गोगोई के रूप में हुई है। वह अपने बॉयफ्रेंड आरव हरनी के साथ होटल आई थी। 23 नवंबर को दोपहर 12.30 बजे माया अपने प्रेमी के साथ हंसते मुस्कुराते हुए होटल आई थी। उसे पता नहीं था कि प्रेमी ने कैसा खौफनाक प्लान तैयार कर रखा है। माया का सड़ा-गला शव पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले तो अहम जानकारी मिली। माया जिस रूम में ठहरी थी उसमें उसके प्रेमी के अलावा कोई और नहीं गया था। उसका प्रेमी आरव हरनी मंगलवार सुबह 8.30 बजे अकेले बाहर निकला।

चाकू मारकर की गई माया गोगोई की हत्या

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरनी ने सोमवार को गोगोई की चाकू से हत्या कर दी थी। वह चाकू अपने साथ लाया था। हरनी मंगलवार को इंदिरानगर क्षेत्र में किराए के अपार्टमेंट से बाहर निकलने से पहले पूरे एक दिन शव के साथ रहा था।

सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें शेयर की गईं हैं जिनमें कमरे में कंबल और तकियों पर खून लगे दिखे हैं। पीले रंग की नायलॉन की रस्सी भी फर्श पर दिखी। रस्सी हरनी ने क्विक कॉमर्स साइट से मंगाई थी।

पूर्वी संभाग बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त देवराज ने बताया कि कमरे में मिले दस्तावेजों से पता चला है कि पीड़िता का नाम माया गोगोई है। उसकी उम्र 19 साल थी। उसके शरीर पर कई घाव थे। सबसे घातक जख्म उसकी छाती पर चाकू से किया गया था। उसके सिर पर भी चाकू मारा गया था। संदिग्ध केरल का रहने वाला है। उसने अपार्टमेंट से निकलने के बाद फोन बंद कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में 23 से 26 नवंबर के बीच सर्विस अपार्टमेंट में कोई अन्य व्यक्ति घुसता हुआ नहीं दिखा।

पूरी योजना बनाकर की गई हत्या

हत्यारे ने क्विक कॉमर्स साइट जेप्टो से दो मीटर की नायलॉन की रस्सी मंगवाई थी। पुलिस को संदेह है कि वह चाकू अपने साथ लाया था। पुलिस को शक है कि हत्या पूरी योजना बनाकर की गई। पुलिस मुख्य आरोपी आरव हरनी की तलाश कर रही है।

पुलिस को सर्विस अपार्टमेंट के एक कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस पहुंची और शव बरामद किया। माया गोगोई एचएसआर लेआउट में एक निजी फर्म में काउंसलर के रूप में काम करती थी। पुलिस ने गोगोई की बहन की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।