नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पंचकुला में होने वाले इस समारोह में पीएम मोदी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में 10-12 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।

Nayab Singh Saini Oath Ceremony: 17 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर करीब 1 बजे पंचकुला के दशहरा मैदान पर होगा। इस दौरान पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहरलाल खट्टर और 18 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में 50 हजार लोग मौजूद रहेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नायब सिंह सैनी के साथ शपथ ले सकते हैं 10-12 मंत्री

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी के अलावा 10-12 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। संभावित मंत्रियों में अनिल विज के अलावा महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, कृष्ण लाल पंवार, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, राव नरबीर सिंह, कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी, रणबीर गंगवा, राजेश नागर, आरती राव और गौरव गौतम के नाम शामिल हैं। इसके अलावा जिन तीन नामों की चर्चा चल रही है, उनमें कृष्ण लाल मिड्‌ढा, राम कुमार गौतम और मूलचंद शर्मा भी शामिल हैं।

शपथ से पहले भगवान वाल्मीकि की पूजा करेंगे नायब सिंह सैनी

दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले नायब सिंह सैनी भगवान वाल्मीकि भवन में पूजा-पाठ करेंगे। बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को 90 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी। बीजेपी ने इसमें से 48 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ 37 सीटें मिलीं। बता दें कि नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से जीत दर्ज की। उनके नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने में कामयाब रही है।

कौन हैं नायब सिंह सैनी?

मार्च 2024 से हरियाणा की कमान संभाल रहे नायब सिंह सैनी पहली बार तब मुख्यमंत्री बने, जब BJP-JJP का गठबंधन टूटा और मनोहर लाल खट्टर सरकार गिरी। इसके बाद बीजेपी ने नायब सिंह सैनी को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया। 25 जनवरी, 1970 को अंबाला जिले में मिजापुर माजरा के पास एक गांव में पैदा हुए नायब सिंह सैनी मूल रूप से कुरुक्षेत्र के मंगोली जट्टान गांव के रहने वाले हैं। हालांकि, उनका परिवार सालों पहले अंबाला में बस गया था। नायब सिंह सैनी के एजुकेशन की बात करें तो उन्होंने मुजफ्फरपुर की बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी से बीए किया। इसके बाद मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से लॉ में ग्रैजुएशन किया।

ये भी देखें: 

हरियाणा चुनाव 2024 में क्यों हारी कांग्रेस? जानें 10 सबसे बड़े कारण