06:34 PM (IST) Jul 02
संशोधन का प्रस्ताव नहीं माना गया

राष्ट्रपति के अभिभाषण में संशोधन प्रस्ताव ध्वनिमत के साथ गिरा। राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। 

06:25 PM (IST) Jul 02
हाथरस हादसा पर जताई शोक संवेदना

पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी के हाथरस में हुई भगदड़ की जानकारी देते हुए जान गंवाने वाले लोगों के प्रति सदन में शोक संवेदना जताई। उन्होंने हादसा के संबंध में यूपी सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

06:22 PM (IST) Jul 02
दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाने का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बीते 10 साल में विकास को सबसे बड़ा संकल्प बनाया और अब देश को दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाने का संकल्प है। हर घर में पीने का शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए संकल्प है। विश्व में भारत की ताकत बढ़ रही है। ये युग हरित युग है। भविष्य ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ा है। भारत को ग्रीन हाइड्रोजन का हब बनाने के लिए संकल्पित हैं। 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की भी बड़ी भूमिका होगी। जितना निवेश भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ। देश में बड़े पैमाने पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बन रहे हैं। स्किल डेवलपमेंट हो और नौजवानों का भविष्य संवरे, इसके लिए हम काम कर रहे हैं।

06:09 PM (IST) Jul 02
नीट में हो रही गिरफ्तारियां

पीएम मोदी ने कहा कि नीट को लेकर भी राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में चिंता जताई है। हमारी सरकार नीट से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करा रही है। लगातार गिरफ्तारियां हो रही है।

06:08 PM (IST) Jul 02
ईश्वर का हर रूप दर्शन के लिए न कि प्रदर्शन के लिए

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम बचपन से सीखते हुए आए हैं कि देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि ईश्वर का हर रूप दर्शन के लिए होता है। ईश्वर का कोई भी रूप प्रदर्शन के लिए नहीं होता। जिसके दर्शन होते हैं, उसका प्रदर्शन नहीं होता। हमारे देवी-देवताओं का अपमान 140 करोड़ लोगों के दिलों को चोट पहुंचा रहा है।

06:07 PM (IST) Jul 02
हिंदुओं पर आरोप लगाने का षडयंत्र हो रहा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये गंभीर बात है कि हिंदुओं पर आरोप लगाने का झूठा षड्यंत्र हो रहा है। क्या हिंदू हिंसक होते हैं? ये है आपकी सोच, आपका चरित्र। ये देश शताब्दियों इसे भूलने वाला नहीं है। इन लोगों ने हिंदू आतंकवाद गढ़ने की कोशिश की थी। इन्होंने शक्ति के विनाश की बात कही थी। देश इन्हें माफ नहीं करेगा। देश की संस्कृति-परंपरा का मजाक उड़ाना, इसे फैशन बना दिया गया है।

06:06 PM (IST) Jul 02
देश माफ नहीं करेगा

पीएम मोदी ने कहा कि कल जो हुआ, देश के कोटि-कोटि देशवासी इसे माफ नहीं करेंगे। 131 साल पहले स्वामी विवेकानंद जी शिकागो में कहा था- मुझे गौरव है कि मैं उस धर्म से आता हूं, जिसने पूरी दुनिया को सहिष्णुता और वैश्विक स्वीकृति सिखाई है। विवेकानंद जी ने दुनिया के दिग्गजों के सामने ये कहा था। हिंदू सहनशील है। इसी कारण भारत का लोकतंत्र और विविधता पनपी है।

05:51 PM (IST) Jul 02
विपक्ष ने मोदी के खिलाफ लगाया झूठ बोले-कौआ काटे का नारा

पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर हिंदुओं के अपमान का मामला उठाया तो विपक्ष ने एकजुट होकर झूठ बोले-कौआ काटे का नारा लगाने लगे। लगातार विपक्षी सदस्य यह नारे लगाते रहे। 

05:46 PM (IST) Jul 02
कांग्रेस दलित-पिछड़ा विरोधी

पीएम मोदी ने कहा कि बाबा साहेब की तरह एक दूसरे दलित नेता बाबू जगजीवन राम का उनको उनका हक नहीं दिया गया। बाबू जगजीवन राम के पीएम बनने की संभावना थी और इंदिरा गांधी ने सुनिश्चित किया कि बाबू जगजीवन राम पीएम न बनें। एक किताब में यह जिक्र है। किताब में साफ है कि अगर जगजीवन राम पीएम बन गए तो हटेंगे नहीं। कांग्रेस ने चौधरी चरण के साथ भी यही किया। पिछड़ों के नेता, कांग्रेस के अध्यक्ष सीताराम केसरी के साथ भी अपमानित करने का व्यवहार किया गया। कांग्रेस पार्टी प्रारंभ से ही आरक्षण की घोर विरोधी रही है। नेहरू जी ने तो मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर साफ-साफ शब्दों में आरक्षण का विरोध किया था। कांग्रेस की एक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन का रिपोर्ट ठंडे बस्ते में दबाए रखा था। कांग्रेस के तीसरे प्रधानमंत्री राजीव गांधी, जब विपक्ष में थे तो उनका सबसे लंबा भाषण आरक्षण के खिलाफ था।

05:40 PM (IST) Jul 02
कांग्रेस ने देश के दलितों-पिछड़ों के साथ किया अन्याय

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के ताने बाने को तहस नहस करने का काम किया था। कांग्रेस ने संविधान की भावना और एक-एक धारा के खिलाफ काम किया। यह वह लोग हैं जिन्होंने प्रारंभ से देश के गरीबों के साथ, पिछड़ों के साथ, दलितों के साथ अन्याय किया है। इसी वजह से बाबा साहेब अंबेडकर ने नेहरू जी की कैबिनेट से इस्तीफा दिया था। बाबा साहेब ने पर्दाफाश किया था कि कैसे नेहरू जी ने दलितों और पिछड़ों के साथ अन्याय किया। इस्तीफा देते समय बाबा साहेब ने जो कारण बताए थे वह इनके चरित्र को दर्शाता है। 

05:38 PM (IST) Jul 02
तुलसीदास को कोट कर कांग्रेस को बताया झूठ का हथियार

पीएम ने कहा, 'तुलसीदास जी कह गए हैं- झूठइ लेना झूठइ देना, झूठइ भोजन झूठ चबेना....। कांग्रेस ने झूठ को हथियार बनाया। कांग्रेस के मुंह झूठ का खून लग गया है। कांग्रेस ने चुनाव में झूठ कहा कि लोगों के अकाउंट में पैसे आएंगे। लोगों ने 1 जुलाई को खटाखट दिवस मनाया है।' उन्होंने कहा, 'कल अग्निवीर को लेकर सदन में झूठ बोला गया। ये भी कहा कि MSP नहीं दिया जा रहा। ऐसा कहना सदन का दुर्भाग्य है। अगर कोई नेता झूठ के रास्ते को चुन ले तो देश अराजक रास्ते पर जा रहा है, इसका सबूत मिल चुका है। ये आजादी के लिए बलिदान देने वालों का अपमान हैं।

05:30 PM (IST) Jul 02
कांग्रेस पर लगाया देश बांटने का आरोप

पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने जब विकसित भारत के सपने को सच करने का मन बना लिया है, ऐसे समय देश का दुर्भाग्य है कि 6 दशक राज करने वाली कांग्रेस अराजकता फैलाने में लगी है। ये दक्षिण में जाकर उत्तर के खिलाफ बोलते हैं। इन्होंने भाषा के नाम बांटने की कोशिश की है। कांग्रेस पार्टी खुलेआम एक जाति को दूसरी के खिलाफ लड़ाने के लिए नरेटिव गढ़ रही है, अफवाहें फैला रही है। देश के एक हिस्से को हीन बताने के लिए कांग्रेस के लोग बढ़ावा दे रहे हैं। देश में आर्थिक अराजकता फैलाने के लिए भी सोची-समझी चालें चल रहे हैं।' उनके राज्य जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां आर्थिक अराजकता फैलानी कोशिश की जा रही है। इन्होंने कहा था कि इनके मुताबिक 4 जून को परिणाम नहीं आए तो देश में आग लगा दी जाएगी। भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ताक पर रखकर अराजकता फैलाने का काम किया गया। CAA को लेकर अराजकता फैलाई गई।

 

05:29 PM (IST) Jul 02
राहुल गांधी पर लगातार किस्सों के माध्यम से साधते रहे निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि मैं किस्सा सुनाता हूं। एक बच्चा स्कूल से आया और जोर-जोर से रोने लगा। मां भी डरी कि क्या हो गया। बच्चा बोला- मुझे स्कूल में उसने मारा, इसने मारा, वह जोर-जोर से रोना। मां ने पूछा कि बेटा, बात क्या थी। बच्चा यही बोला कि मुझे मारा, मुझे मारा। बच्चे ने ये नहीं बताया कि उसने किसी को मां की गाली दी थी, किसी की किताब फाड़ दी थी, किसी का टिफिन चुराकर खा गया था। सदन में कल हमने यही बचकानी हरकत देखी है। कल यहां कहा गया- मुझे इसने मारा, उसने मारा, यहां मारा, वहां मारा। सिम्पैथी हासिल करने के लिए नया ड्रामा खेला गया। जो सच्चाई जानते हैं कि हजारों करोड़ रुपए की हेराफेरी में जमानत पर बाहर हैं। ये OBC लोगों को चोर बताने के मामले में सजा काट चुके हैं। इन्हें देश की सर्वोच्च अदालत से गैर-जिम्मेदाराना बयान देने पर माफी मांगनी पड़ी है।

 

05:20 PM (IST) Jul 02
शोले वाली मौसी का हाल

पीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने बयानबाजी में शोले फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है। ये लोग कह रहे हैं- तीसरी बार ही तो हारे हैं। अरे मौसी, 13 राज्यों में शून्य सीटें आई हैं, लेकिन हीरो तो हैं न। अरे मौसी, पार्टी लुटिया तो डुबोई है, लेकिन पार्टी सांसें तो ले रही है। मैं कहूंगा कि फर्जी जीत का जश्न मत मनाओ। ईमानदारी से देश में मिले जनादेश को समझने की कोशिश करो, उसे स्वीकार करो।

05:18 PM (IST) Jul 02
अपने सहयोगियों का वोट न खाया होता तो इतनी सीटें भी न जीत पाते

पीएम मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने अपने सहयोगियों का वोट न खाया होता तो वह इतनी सीटें भी न जीत पाते। उन्होंने कहा कि भारत के लोगों ने विकसित भारत का मन बना लिया है। कांग्रेस ने देश को बांटने की कोशिश की है। जिन नेताओं ने देश को बांटने की वकालत की थी, उसे टिकट देने का काम कर पाप किया। 

05:15 PM (IST) Jul 02
कांग्रेस अब परजीवी कांग्रेस हो चुकी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस परजीवी कांग्रेस बन चुकी है। कांग्रेस अपने सहयोगी दलों की कीमत पर फलती फूलती है लेकिन जिसके साथ फलती फूलती है उसे ही खा जाती है। मैं सदन और देश के सामने कुछ आंकड़े रखना चाहता हूं। जहां-जहां भाजपा और कांग्रेस के साथ सीधा मुकाबला था, वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट सिर्फ 26 प्रतिशत है। लेकिन जहां कांग्रेस किसी का पल्लू पकड़कर चलते थे या जूनियर पार्टनर थे। किसी दल ने उनको दे दिया मौका, ऐसे राज्यों में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत है। कांग्रेस की 99 सीटों में ज्यादातर सीटें उनके सहयोगियों ने उनको जीताया है। इसलिए कहता हूं कि वह परजीवी है। 16 राज्यों में अकेले लड़ी और उसका वोट शेयर गिर चुका है। तीन राज्यों में अपने दम पर लड़ी और 64 में दो सीट ही जीत पायी। इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह से परजीवी बन चुकी है।

05:11 PM (IST) Jul 02
दस चुनाव में 250 सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू सकी कांग्रेस

1984 के चुनावों को याद कीजिए। तब से 10 लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। तब से कांग्रेस 250 के आंकड़े को छू नहीं पाई है। इस बार 99 के चक्कर में फंस गए हैं। मुझे एक किस्सा याद आता है। एक बच्चा 99% मार्क्स लेकर घूम रहा था। लोगों की वाहवाही ले रहा था। टीचर ने कहा कि ये 100 से 99 नंबर नहीं लाया, 543 में से लाया है।

 

05:05 PM (IST) Jul 02
बच्चे का मन बहलाया जा रहा

पीएम मोदी ने कहा कि कोई छोटा बच्चा अगर साइकिल लेकर निकला है और गिर जाता है। रोने लगता है तो कोई बड़ा आदमी आता है और उसे फुसलाता है और तरह तरह से मन बहलाते हैं। कांग्रेस की सबसे बड़ी हार के बाद हमें हराने की बात कहकर बच्चे के मन बहलाने का काम चल रहा है। कांग्रेस के लोग और उनका इको सिस्टम आजकल मन बहलाने का काम कर रहा है। 

05:03 PM (IST) Jul 02
कांग्रेस की यह सबसे बड़ी हार

पीएम मोदी ने कहा कि 2024 के चुनाव में जनता ने कांग्रेस को भी जनादेश दिया है। वह उनको विपक्ष में बैठने के लिए जनादेश दिया है। आप वहीं बैठे रहो और तर्क खत्म हो जाए तो चीखते रहो-चिल्लाते रहो। कांग्रेस लगातार तीसरी बार 100 का आंकड़ा नहीं पार कर पायी है। कांग्रेस के इतिहास में यह तीसरी सबसे बड़ी हार है और तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। अच्छा होता कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती और आत्ममंथन करती। लेकिन यह शीर्षासन करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस और उसके इको सिस्टम, दिन रात हिंदुस्तान के नागरिकों के मन में यह प्रतिस्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने हमें हरा दिया है। 

05:01 PM (IST) Jul 02
हम लगातार बढ़ रहे

लोकसभा चुनाव के साथ साथ हमारे देश में चार राज्यों के भी चुनाव हुए। इन चारों ही राज्यों में एनडीए अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ओडिशा ने हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है। आंध्र प्रदेश में एनडीए ने क्लीन स्वीप किया है। सूक्ष्म रूप से भी यह नजर नहीं आते हैं। अरुणाचल प्रदेश में हम फिर सरकार बनाए हैं। सिक्किम में भी सरकार बनाए हैं। अभी छह महीने पहले ही राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हमने प्रचंड विजय पाया है। हमें नए नए क्षेत्रों में जनता का प्यार मिल रहा है और जनता आशीर्वाद दे रही। केरला में बीजेपी ने खाता खोला है। तमिनलाडु में कई सीटों पर बीजेपी ने दमदार उपस्थित दर्ज कराया है। कर्नाटक, यूपी और राजस्थान में पिछली बार की तुलना में बीजेपी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा चुनाव आ रहे हैं। पिछली विधानसभा चुनाव से अधिक वोट हम इस लोकसभा चुनाव में पाए हैं। पंजाब में भी हमें बढ़त मिली है। जनता का समर्थन हमारे साथ है।

Read more Articles on