बिहार चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने कहा, बिहार ने रिकॉर्ड मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने महिला-यूथ फॉर्मूला की सराहना की, जंगलराज और वंशवाद की राजनीति को खारिज बताया, विकासवाद को जनादेश कहा।

Bihar Election 2025: बिहार में बीजेपी और एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यालय पहुंचकर जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार की जनता का धन्यवाद देते हुए कहा, आप लोगों ने तो गर्दा उड़ा दिया। बिहार के हर एक घर में आज मखाने वाली खीर बनेगी। जानते हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1- हम एनडीए के लोग जनता-जनार्दन के सेवक

पीएम मोदी ने कहा, हम एनडीए के लोग जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं और हम तो जनता-जनार्दन का दिल चुराकर बैठे हुए हैं।

2- बिहार के लोगों ने रिकॉर्ड तोड़ दिए

बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग के लिए आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बिहार ने 2010 के बाद सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है।

3- जहां मतपेटियां लूटी जाती थीं, वहां अब रिकॉर्ड वोटिंग

बिहार में जब जंगलराज था, तब क्या-क्या होता था ये भी आप जानते हैं। सरेआम मतदान केंद्रों पर हिंसा होती थी, मतपेटियां लूटी जाती थीं। आज वही बिहार रिकॉर्ड मतदान कर रहा है, शांतिपूर्ण मतदान कर रहा है। हर किसी का मत दर्ज हुआ। हर कोई अपनी पसंद से मत दे रहा है।

4- बिहार ने एक नया M-Y फॉर्मूला दिया

बिहार की जीत ने एक नया सकारात्मक M-Y फॉर्मूला दिया और ये है महिला-यूथ। आज बिहार देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म-जाति के युवा हैं। उनकी इच्छा, आकांक्षा और सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने सांप्रदायिक M-Y फॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है।

5- मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर योगदान की जरूरत

अब देश का मतदाता खासतौर पर युवा वोटर्स, मतदाता सूची के शुद्धिकरण को गंभीरता से ले रहा है। बिहार के वोटर ने भी इसे जबर्दस्त तरीके से सपोर्ट किया। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वो पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को लगाएं और मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर शत-प्रतिशत योगदान दें।

6- बिहार ने लोकतंत्र पर हमला करनेवालों को धूल चटाई

बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, झूठ हारता है जन विश्वास जीतता है। बिहार ने डंके की चोट पर कह दिया है, जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी।

7- बिहार में अब कभी नहीं होगी जंगलराज की वापसी

बिहार ने ये सुनिश्चित किया है कि बिहार की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली। आज की ये जीत बिहार की उन माता, बहनों और बेटियों की है, जिन्होंने सालों तक आरजेडी के शासन में जंगलराज झेला है। ये जीत बिहार के उस नौजवान की है, जिसके भविष्य को कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक से बर्बाद किया गया।

8- वंशवाद के खिलाफ विकासवाद का जनादेश

आज के चुनाव नतीजे उन विकास विरोधियों को भी करारा जवाब है, जो कहते थे कि बिहार को एक्सप्रेस-वे और इंडस्ट्री नहीं चाहिए। जो कहते थे कि बिहार में ट्रेन और एयरपोर्ट की क्या जरूरत है। आज के नतीजे वंशवाद की राजनीति के खिलाफ विकासवाद की राजनीति को दिया जनादेश है।

9- छठ को यूनेस्को में शामिल कराने के प्रयास

हमारी सरकार छठ पर्व को यूनेस्को की धरोहर में शामिल करने का प्रयास कर रही है। छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर छठी मइया के गीत गूंजे, तो हर कोई इसमें सम्मिलित होता दिखा।

10- कांग्रेस का एक और विभाजन तय

कांग्रेस के पास देश को आगे ले जाने के लिए कोई विजन नहीं है। आज कांग्रेस मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस यानी MMC बन गई है। कांग्रेस का पूरा एजेंडा अब इसी पर चलता है और इसीलिए कांग्रेस के भीतर भी अब एक अलग धड़ा पैदा हो रहा है, जो इस नेगेटिव पॉलिटिक्स से असहज है। मुझे तो आशंका है कि आगे कांग्रेस का एक और बड़ा विभाजन हो। कांग्रेस के जो सहयोगी दल हैं, वो भी समझने लगे हैं कि कांग्रेस अपनी नेगेटिव पॉलिटिक्स में सबको एकसाथ डुबो रही है।