प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 जुलाई को फ्रांस के बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) में शामिल होंगे। फ्रांसीसी कंपनियों के सीईओ को नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा से बड़ी उम्मीदें हैं।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस की यात्रा पर निकलने वाले हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के निमंत्रण पर वह 14 जुलाई को फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित होने वाले बैस्टिल डे परेड (Bastille Day Parade) में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा से वहां की कंपनियों को भी बड़ी उम्मीदें हैं। इस साल भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे हुए हैं। उम्मीद की जा रही है कि दोनों देशों के बीच अपनी रणनीतिक साझेदारी को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने के लिए समझौते हो सकते हैं।

बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लेंगे भारतीय सेना के जवान

बैस्टिल डे परेड में भारत की तीनों सेनाओं (थल सेना, वायु सेना और नौसेना) के 269 जवान हिस्सा लेंगे। बैस्टिल डे को फ्रांस के नेशनल डे के रूप में भी मनाया जाता है। फ्रांसीसी क्रांति के दौरान 1789 में 14 जुलाई को बैस्टिल पर हमले हुए थे। इसकी याद में बैस्टिल डे मनाया जाता है।

पीएम मोदी की यात्रा से प्रगाढ़ होंगे भारत-फ्रांस के संबंध

फ्रांस में स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि पीएम मोदी की यात्रा से भारत और फ्रांस के संबंध और प्रगाढ़ होंगे। दोनों देशों के बीच औद्योगिक, रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, शैक्षणिक और आर्थिक सहयोग के लिए नए और महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए जा सकते हैं। इसके साथ ही भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण की शुरुआत होने की उम्मीद है।

पियरे एरिक पॉमेल बोले- पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं

फ्रांस स्थित कंपनियों को भी पीएम मोदी की यात्रा से बड़ी उम्मीदें हैं। नेवल ग्रुप के अध्यक्ष और सीईओ पियरे एरिक पॉमेल ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक स्वायत्तता और आत्मनिर्भरता की एक समान समझ है। दोनों देशों के रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे हुए हैं। मैं बैस्टिल डे पर पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं।

यह भी पढ़ें- नौसेना के लिए भारत फ्रांस से खरीद सकता है Rafale-M, जानें वायुसेना के विमान से कितने अलग होते हैं नेवी के फाइटर जेट

एयरोपोर्ट्स डी पेरिस के अध्यक्ष और सीईओ ऑगस्टिन डी रोमानेट ने कहा कि बैस्टिल डे के अतिथि के रूप में पीएम मोदी का स्वागत करना फ्रांस के लिए एक बड़ा सम्मान है। भारत के साथ द्विपक्षीय और दीर्घकालिक साझेदारी के प्रति हमारी प्रतिबद्धता की ताकत का प्रमाण है।

यह भी पढ़ें- PM Modi France Visit: भारत-फ्रांस की दोस्ती का नया दौर, आर्थिक सहयोग-रणनीतिक साझेदारी होगी मजबूत