06:47 PM (IST) Jul 18
संसद में हुई 98.90% वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। संसद में 98.90 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रिटर्निंग ऑफिसर पीसी मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग ने 727 सांसदों और नौ विधायकों को संसद में मतदान करने की अनुमति दी थी। इनमें से 719 सांसदों और नौ विधायकों ने मतदान किया। 8 सांसदों ने अपना वोट नहीं डाला।

05:18 PM (IST) Jul 18
कई राज्यों में हुई क्रॉस वोटिंग

ओडिशा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में क्रॉस वोटिंग हुई है। ओडिशा कांग्रेस और गुजरात NCP के एक-एक विधायक ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया। वहीं, उत्तर प्रदेश में शिवपाल यादव समेत 2 सपा विधायकों ने मुर्मू को वोट दिया। ओडिशा कांग्रेस के विधायक मोहम्मद मुकीम,  गुजरात NCP के कांधल जडेजा, समाजवादी पार्टी के शिवपाल यादव और शहजिल इस्लाम ने क्रॉस वोटिंग की।

04:41 PM (IST) Jul 18
गुजरात राकांपा विधायक ने की क्रॉस वोटिंग

गुजरात में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक कांधल जडेजा ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। जडेजा ने कहा, "मैंने भाजपा उम्मीदवार को वोट दिया।" दरअसल, एनडीए उम्मीदवार मुर्मू के खिलाफ विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा है। शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने यशवंत सिन्हा को समर्थन दिया है।

03:55 PM (IST) Jul 18
सोनिया गांधी ने डाला वोट

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। इसके साथ ही आप सांसद हरभजन सिंह और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने भी मतदान किया।

03:00 PM (IST) Jul 18
मुलायम सिंह यादव ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने दिल्ली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने हैदराबाद में वोट डाला। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट किया है। हमें उम्मीद है कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को हमारे राज्य से सबसे ज्यादा वोट मिलेंगे।

02:27 PM (IST) Jul 18
राजनाथ सिंह ने डाला वोट

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, सपा सांसद जया बच्चन, कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम, नेशनल कांग्रेस के सांसद फारूक अब्दुल्ला, शिअद के सांसद सिमरनजीत सिंह मान और आप के सांसद राघव चड्ढा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला।
 

 

02:16 PM (IST) Jul 18
कांग्रेसी विधायक ने दिया मुर्मू को वोट

ओडिशा से कांग्रेस पार्टी के विधायक मोहम्मद मोकीम ने एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस का विधायक हूं, लेकिन मैंने द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा व्यक्तिगत फैसला है। मैंने अपने दिल की बात सुनी है।'

01:54 PM (IST) Jul 18
शिवपाल बोले- मुलायम सिंह यादव को आईएसआई एजेंट कहते थे यशवंत

पीएसपी नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यशवंत सिन्हा मुलायम सिंह यादव को आईएसआई एजेंट कहते थे। हम उनका कभी समर्थन नहीं कर सकते। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के सिद्धांतों पर चलने वाले समाजवादी पार्टी के नेता ऐसे आरोप लगाने वाले उम्मीदवार का कभी समर्थन नहीं करेंगे। 

01:36 PM (IST) Jul 18
असम के 126 में से 119 विधायकों ने डाला वोट

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा समेत असम के 126 विधायकों में से कुल 119 ने विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। 126 विधायकों में से 123 विधानसभा में अपना वोट डालेंगे, जबकि कांग्रेस विधायक भरत चंद्र नारा ने संसद में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अनुमति मांगी है। वह इलाज के लिए दिल्ली में हैं। एआईयूडीएफ के दो विधायक सुजामुद्दीन लश्कर और निजामुद्दीन चौधरी इस समय देश से बाहर हैं।

01:03 PM (IST) Jul 18
ओपी राजभर बोले- भारी वोटों से जीत रही हैं द्रौपदी मुर्मू

यूपी विधानसभा में वोट डालने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ऐतिहासिक वोटों के साथ राष्ट्रपति चुनाव जीतेंगी। सभी प्रतिनिधियों ने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने का फैसला किया है। हर कोई उनका समर्थन कर रहा है। वहीं  एसबीएसपी प्रमुख ओपी राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के बाद कहा कि दिल्ली की ओर जाने वाला रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। द्रौपदी मुर्मू भारी वोटों से जीत रही हैं।
 

12:59 PM (IST) Jul 18
खट्टर बोले- द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में होगा परिणाम

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मुझे विश्वास है कि 21 जुलाई को परिणाम द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में होगा। हम 25 जुलाई को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। मुझे उम्मीद है कि हरियाणा से द्रौपदी मुर्मू को हमने जितने वोटों की गिनती की है उससे अधिक वोट मिलेंगे। 
 

12:46 PM (IST) Jul 18

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तिरुवनंतपुरम स्थित विधानसभा में वोट डाला।

12:27 PM (IST) Jul 18

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में शिवसेना द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही है। हमारा मानना है कि राष्ट्रपति चुनाव किसी भी राजनीतिक चुनाव से अलग होते हैं। यह सर्वोच्च पद है और एक उपयुक्त उम्मीदवार के लिए वोट डाला जाना चाहिए। इसलिए, हमने यह फैसला लिया। 
 

12:24 PM (IST) Jul 18
तेजस्वी यादव बोले-देश के लोकतंत्र को है खतरा

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि इस समय देश में अराजकता की स्थिति है। लोकतंत्र के लिए खतरा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर हो रहा है। हम ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं जो इस पर गौर करे। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं और किसानों के मुद्दों पर चर्चा तक नहीं करते।

11:52 AM (IST) Jul 18
हेमा मालिनी ने किया मतदान

भाजपा सांसद हेमा मालिनी और केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने संसद भवन में मतदान किया। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी वोट डाला है।

11:47 AM (IST) Jul 18
यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत ने डाला वोट

बीजेपी सांसद जयंत सिन्हा ने मतदान किया। इस चुनाव में उनके लिए धर्मसंकट की स्थिति है। उनके पिता यशवंत सिन्हा विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। जयंत को अपने पिता या अपनी पार्टी में से किसी एक को समर्थन देने का फैसला करना पड़ा है।

11:28 AM (IST) Jul 18
एकनाथ शिंदे ने किया मतदान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। शिवसेना ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला किया है। दूसरी ओर गोवा विधानसभा में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि गोवा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100% मतदान होगा। मुझे यकीन है कि मेरे राज्य से हमारे उम्मीदवार (द्रौपदी मुर्मू) के लिए सभी वोट डाले जाएंगे।

11:21 AM (IST) Jul 18
अखिलेश यादव ने डाला वोट

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और विधायक अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। इससे पहले उन्होंने कहा कि मैं यशवंत सिन्हा के पक्ष में वोट करूंगा। देश में कोई ऐसा होना चाहिए जो सरकार को समय-समय पर अर्थव्यवस्था की स्थिति बता सके। श्रीलंका का हाल देखिए। इसलिए राष्ट्रपति ऐसा होना चाहिए जो समय-समय पर सरकार को उसकी गलती बता सके।

11:18 AM (IST) Jul 18
मनमोहन सिंह ने डाला वोट

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद मनमोहन सिंह ने संसद भवन में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया। मनमोहन सिंह व्हील चेयर पर बैठकर वोटिंग के लिए पहुंचे। उनकी सेहत लंबे समय से ठीक नहीं है। 

11:06 AM (IST) Jul 18
शिवराज सिंह चौहान ने डाला वोट

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय की हमारी बहन राष्ट्रपति बनेंगी। मध्य प्रदेश के विधायक उन्हें वोट दे रहे हैं। मैं सभी से पार्टियों की सीमाओं से ऊपर उठकर अपने विवेक के आधार पर मतदान करने और द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने में योगदान देने की अपील करना चाहता हूं।


 

Read more Articles on