कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी सरकार बना चुकी है। काफी जद्दोजहद के बाद डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम पद के लिए तैयार हुए हैं। सिद्धारमैया को फिर से कर्नाटक की सत्ता मिली है। वे दूसरे मुख्यमंत्री हैं जो दोबारा राज्य के सीएम बने हैं।

Karnataka Govt Formation. कर्नाटक में 20 मई को नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है जबकि डीके शिवकुमार को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई गई। इनके साथ ही 8 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। कांग्रेस के लिए कर्नाटक कैबिनेट का चयन करना टेढ़ी खीर रहा क्योंकि डीके शिवकुमार सीएम पद के लिए अड़ गए थे। बाद में कई दौर की वार्ता और पार्टी हाईकमान के दखल देने के बाद सहमति बन पाई। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सभी को शपथ दिलाई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Karnataka Govt Formation- एक ही कार पर एयरपोर्ट पहुंचे सभी दिग्गज नेता

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और डीके शिवकुमार एक ही कार से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। इनकी तस्वीरें वायरल हुईं। वहीं सोनिया गांधी ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को फोन पर बधाई दी है। डीके शिवकुमार कुछ दिनों से दिल्ली में ही डेरा डाले हुए थे और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी के कई दौर की वार्ता हुई। दरअसल, डीके शिवकुमार उप-मुख्यमंत्री पद के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी के दखल देने के बाद ही इस कोल्ड वार का खात्मा हुआ और कर्नाटक में कांग्रेस ने नई सरकार बनाई है। 

कर्नाटक में बनी कांग्रेस की सरकार- यह विधायक बने कर्नाटक में मंत्री

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने 8 विधायकों की सूची जारी की है जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें डॉ. जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, सतीश जरकीहोली, प्रियांक खड़गे, रामलिंगा रेड्डी और जमी अहमद खान का नाम शामिल है। कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के बाद इन मंत्रियों को पोर्टफोलियो जारी किया जाएगा। माना जा रहा है कि महीने-दो महीन के भीतर फिर से कैबिनेट का विस्तार होगा, जिसमें अन्य मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

कर्नाटक कैबिनेट शपथ ग्रहण समारोह- विपक्षी नेताओं की रही मौजूदगी

कर्नाटक में कांग्रेस ने नई सरकार बना ली है। बेंगलुरू में हुए शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। विपक्षी नेताओं में बिहार सीएम नितीश कुमार, तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन, महबूबा मुफ्ती, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कमल हसन और हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू मौजूद रहे।

कांग्रेस को मिली हैं 135 सीटें

गौरतलब है कि अप्रैल-मई में कर्नाटक के 224 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए। 10 मई को मतदान हुआ और 13 मई को नतीजे आए। सत्ताधारी पार्टी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। वह सिर्फ 66 सीटें जीत सकी। उसके कई मंत्री चुनाव हार गए। वहीं, कांग्रेस को 135 सीटों पर जीत मिली। यह बहुमत के आंकड़े 113 से काफी अधिक है। 19 सीटें जीतकर जेडी (एस) तीसरा सबसे बड़ा दल बना है।

यह भी पढ़ें

कर्नाटक कैबिनेट शपथ ग्रहण समारोह: सिद्धारमैया सीएम और डीके शिवकुमार बनेंगे डिप्टी सीएम, कुल 8 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ