कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को नागरिकता संसोधन विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बिल भारतीय संविधान पर हमला है।

नई दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को नागरिकता संसोधन विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बिल भारतीय संविधान पर हमला है। इससे राष्ट्र की नींव बर्बाद हो जाएगी। राहुल का बयान उस वक्त आया, जब महाराष्ट्र में उनकी पार्टी की सहयोगी शिवसेना ने नागरिकता संसोधन विधेयक को राष्ट्रहित में बताया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, नागरिकता संसोधन विधेयक भारतीय संविधान पर हमला है। जो इस बिल का समर्थन कर रहे हैं, वे राष्ट्र की नींव पर हमला कर उसे बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं।'' राहुल का ये बयान लोकसभा में नागरिकता संसोधन विधेयक पास होने के एक दिन बाद आया। 

शिवसेना ने क्या कहा?
शिवसेना ने लोकसभा में नागरिकता संसोधन विधेयक के समर्थन में वोट किया। इसके बाद शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा में बाद राज्यसभा में सरकार के समर्थन को लेकर कहा, क्या हमारी भूमिका अलग अलग होती है। राष्ट्र के हित में शिवसेना हमेशा खड़ी रहती है। इस पर किसी का एकाधिकार नहीं है।

क्या है नागरिकता संसोधन बिल ? 
नागरिकता संसोधन बिल 2019 के मुताबिक, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से 31 दिसंबर 2014 तक आए हिंदू, सिख, बुद्ध, जैन, पारसी और क्रिश्चियन के साथ अवैध घुसपैठियों जैसा व्यवहार नहीं होगा, बल्कि उन्हें भारत की नागरिकता मिल जाएगी। 

लोकसभा में पास हुआ बिल
अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में यह बिल पेश किया था। दिन भर चली चर्चा के बाद देर रात यह बिल पास हो गया। इसके समर्थन में 311 वोट पड़े। विरोध में 80 संसद ने मत डाले। इससे पहले अमित शाह ने साफ कर दिया कि किसी भी धर्म को लेकर इस बिल को लेकर डरने की जरूरत नहीं है। शाह ने कहा, बिल से भारतीय मुस्लिमों का कोई लेना देना नहीं है।