रेलवे कर्मचारियों के घरों में दशहरा (Dussehra) में ही दीपावली मनेगी। उन्हें रेलवे की ओर से 78 दिन के वेतन जितना बोनस मिलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। 

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए अराजपत्रित रेल कर्मचारियों (आरपीएफ/आरपीएसएफ कर्मियों को छोड़कर) को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस (Productivity Linked Bonus) का भुगतान करने की मंजूरी दी है। रेल मंत्रालय ने कहा कि दशहरे की छुट्टियों से पहले बोनस का भुगतान होगा। इससे लगभग 11.27 लाख रेलवे कर्मचारियों को लाभ होगा। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रेलवे मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि रेल कर्मचारियों ने यात्री और माल सेवाओं के प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे देश की अर्थव्यवस्था को बल मिला है। कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन के समय रेलवे कर्मचारियों ने आवश्यक वस्तुएं जैसे भोजन, उर्वरक, कोयला और अन्य सामान की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की।

बोनस से रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन
रेलवे ने कहा कि पिछले तीन साल में उसने माल ढुलाई में बाजार हिस्सेदारी हासिल करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके चलते 2022-23 में रेलवे ने महामारी के कारण बाधित आमदनी में सुधार की दिशा में गति प्राप्त की। वित्त वर्ष 2021-22 में रेलवे ने 184 मिलियन टन माल ढुलाई की। यह अब तक का सबसे अधिक है। बोनस का भुगतान प्रोत्साहन के लिए किया जा रहा है। इससे रेलवे कर्मचारी अपनी उत्पादकता में सुधार करने और रेलवे ग्राहकों के लिए सुरक्षा, गति और सेवा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित होंगे। बोनस भुगतान से त्योहारी सीजन में अर्थव्यवस्था में मांग को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- PM मोदी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि, लोगों के की खादी खरीदने की अपील

1,832 करोड़ होंगे खर्च
रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस के भुगतान करने में 1,832.09 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। बोनस भुगतान के लिए निर्धारित वेतन गणना 7,000 रुपए प्रति माह से शुरू होगी। रेलवे कर्मचारियों को अधिकतम 17,951 रुपए का बोनस मिलेगा।

यह भी पढ़ें- हर भारतीय का जीवन बदल देगी 5G तकनीक, स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी मिलेगा लाभ: राजीव चंद्रशेखर