गोल्डी बरार ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली और बताया कि मूसेवाला के अहंकार और प्रतिद्वंद्वियों से संबंधों के चलते उन्हें मारना पड़ा। बरार ने मूसेवाला और लॉरेंस बिश्नोई के बीच संबंधों का भी खुलासा किया।

Sidhu Moose Wala Murder Case: पंजाब के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसे वाला की हत्या हुए तीन साल से अधिक समय हो गया। गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार इस मामले में मुख्य आरोपी है। BBC को दिए इंटरव्यू में गोल्डी बरार ने बताया है कि उसने और उसके साथियों ने क्यों सिद्धू मूसे वाला को मार डाला। गोल्डी बरार ने कहा, "अपने अहंकार में उसने (सिद्धू मूसे वाला) ने कुछ गलती की थी, जिसे भूला नहीं जा सकता। हमारे पास उसे मारने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। उसने जो किया उसका नतीजा उसे भुगतना पड़ा। या तो वह या हम। बस इतनी सी बात है।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लॉरेंस बिश्नोई से बात करते थे सिद्धू मूसे वाला

उत्तरी अमेरिका से अपना आपराधिक गैंग चलाने वाले बरार ने खुलासा किया कि लॉरेंस बिश्नोई सिद्धू मूसे वाला के संपर्क में था। उसने कहा, "मुझे नहीं मालूम कि उन्हें किसने पेश किया और मैंने कभी नहीं पूछा, लेकिन वे बात करते थे। सिद्धू चापलूसी करने के लिए लॉरेंस को 'गुड मॉर्निंग' और 'गुड नाइट' मैसेज भेजा करता था।"

कबड्डी टूर्नामेंट को लेकर शुरू हुआ था तनाव

गोल्डी बरार ने दावा किया कि तनाव पंजाब में कबड्डी टूर्नामेंट को लेकर शुरू हुआ। उसने दावा किया, "उस गांव से हमारे प्रतिद्वंद्वी आते हैं। वह हमारे प्रतिद्वंद्वियों को बढ़ावा दे रहा था। तभी लॉरेंस और अन्य लोग उससे नाराज हो गए। उन्होंने सिद्धू को धमकी दी और कहा कि वे उसे नहीं छोड़ेंगे।"

बिश्नोई के सहयोगी और मध्यस्थ विक्की मिद्दुखेड़ा के हस्तक्षेप से तनाव कम हुआ था, लेकिन अगस्त 2021 में मोहाली में मिद्दुखेड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बरार ने कहा, "सिद्धू की भूमिका सभी जानते थे। पुलिस को भी पता था। सिद्धू राजनेताओं और सत्ता में बैठे लोगों से मिला हुआ था। वह हमारे प्रतिद्वंद्वियों की मदद करने के लिए राजनीतिक शक्ति, धन और अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा था। हम चाहते थे कि उसे उसके किए की सजा मिले। उस पर मामला दर्ज होना चाहिए था। उसे जेल जाना चाहिए था। लेकिन किसी ने हमारी गुहार नहीं सुनी। इसलिए हमने इसे अपने ऊपर ले लिया।"