सिक्किम में 13 साल की बच्ची से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 नाबालिग हैं। स्कूल में काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने आपबीती बताई।

Sikkim Horror: सिक्किम से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्याल्शिंग जिला में 13 साल की लड़की के साथ एक साल से अधिक समय तक गैंगरेप करने के मामले में आठ लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इनमें चार नाबालिग लड़के हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बाल कल्याण समिति ने इस मामले में शुक्रवार को शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार किया। नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

स्कूल में काउंसलिंग सेशन के दौरान खुला राज

पुलिस ने बताया कि लड़की हमेशा क्लास में उदास और बीमार रहती थी। काउंसलिंग सेशन के दौरान उसने अपने साथ हो रही बर्बर घटना के बारे में जानकारी दी। उसने अपने घर के पास रहने वाली एक महिला का नाम बताया। वह उसे घर के कामों में मदद के लिए अक्सर बुलाती थी।

महिला ने पति से कराया बच्ची का रेप

महिला ने बच्ची को सेक्स एक्ट के लिए मजबूर किया। उसके पति ने पहले बच्ची के साथ रेप किया। इसके बाद महिला ने पैसे लेकर दो पुरुषों को बुलाया और बच्ची का गैंगरेप कराया। पुलिस ने कहा कि पीड़िता ने चार लड़कों के नाम भी बताए हैं जिन्होंने एक साल से अधिक समय तक उसका यौन शोषण किया।

बच्ची का चल रहा इलाज 

बच्ची ने जब अपने साथ हो रही घटनाओं के बारे में बताया तो स्कूल ने बाल कल्याण समिति को खबर दी। समिति ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने महिला, उसके पति और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चार नाबालिगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बाल कल्याण समिति लड़की की स्थिति पर नजर रख रही है। उसे परामर्श दिया जा रहा है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि बीएनएस और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।