कल्याण रेप केस के आरोपी विशाल गवली ने तलोजा जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस पर नाबालिग लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या का आरोप था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Kalyan rape case: महाराष्ट्र के नवी मुंबई के तलोजा सेंट्रल जेल में रविवार सुबह एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान विशाल गवली के रूप में हुई है। वह कल्याण में नाबालिग लड़की के अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामले में आरोपी था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रविवार सुबह करीब 3.30 बजे 35 साल का विशाल जेल के शौचालय में फंदे से लटका मिला। खारघर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि गवली शौचालय गया और तौलिया से खुद को फांसी लगा ली। जेल अधिकारियों को शव मिला। इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

क्या है कल्याण रेप केस?

विशाल गवली पर दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके में 12 साल की लड़की के साथ रेप करने और उसे जान से मारने का आरोप लगा था। इस घटना ने इलाके में आक्रोश पैदा किया था। लोगों ने दोषी को सख्त सजा दिए जाने की मांग की थी।

बच्ची 24 दिसंबर को कोलसेवाड़ी इलाके से लापता हो गई थी। उसका शव पडघा के बापगांव गांव में मिला था। कोलसेवाड़ी पुलिस ने जांच के बाद गवली और उसकी पत्नी साक्षी को फिरौती के लिए अपहरण, रेप, हत्या, सबूतों को मिटाने और भारतीय न्याय संहिता तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत अन्य अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

कल्याण पुलिस ने फरवरी में 948 पेज की चार्जशीट फाइल की थी। पुलिस ने पहले एक बयान में कहा था, "विशाल गवली ने लड़की के साथ बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी, जबकि साक्षी ने उसे शव को बापगांव में फेंकने में मदद की।"