तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में 36 साल के एक व्यक्ति ने अपने तीन बच्चों की हत्या की और इसके बाद आत्महत्या कर लिया। उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Telangana Crime News: आंध्र प्रदेश के 36 साल के एक व्यक्ति ने तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में अपने तीन बच्चों की हत्या की फिर खुद को मार डाला। गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में जानकारी दी। वेलडांडा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। स्थानीय लोगों ने इसके बारे में पुलिस को जानकारी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस ने खोजबीन की तो मिले तीन बच्चों के शव

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के इलाके में खोजबीन की। इसी दौरान मृतक की दो बेटियों और एक बेटे का शव मिला। लड़कियों की उम्र 8 साल और 6 साल थी। लड़का साढ़े चाल साल का था। गुरुवार को नागरकुरनूल जिले के विभिन्न स्थानों से सभी शव आंशिक रूप से जले हुए और सड़ी हुई हालत में मिले।

पत्नी से हुआ था मृतक का झगड़ा

पुलिस ने बताया कि पारिवारिक मुद्दों को लेकर मृतक का झगड़ा उसकी पत्नी से हुआ था। वह 30 अगस्त को अपने तीन बच्चों को साथ लेकर बाइक से आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में स्थित अपने पैतृक गांव से नागरकुरनूल आ गया था।

तीनों बच्चों की हत्या की, पेट्रोल डाल जलाया शव

पुलिस को शक है कि उसने अपने तीनों बच्चों की हत्या की और पेट्रोल डालकर शव जला दिया। इसके बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक हुई प्राथमिक जांच से इतनी जानकारी मिली है। जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।

पुलिस ने बाइक के नंबर की पुष्टि करने के बाद मृतक की पहचान की और प्रकाशम जिले में उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क किया। परिवार के लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले ही गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पाया कि वह व्यक्ति तीन बच्चों के साथ बाइक पर नागरकुरनूल जिले में आया था।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पति ने पत्नी को मारी गोली- बोला... उससे बहुत परेशान था, लेकिन क्यों? यहा जानिए

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने तलाश शुरू की और उनकी बड़ी बेटी का शव कलवाकुर्थी पुलिस थाना क्षेत्र में मिला, जबकि उनकी छोटी बेटी और बेटे के शव गुरुवार को उप्पुनंतला पुलिस थाना क्षेत्र में मिले।