केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर बेरोजगारी के आंकड़ों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे आंकड़े पेश करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। पुरी ने कहा कि मोदी सरकार में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को X पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और उनकी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस और उनके नेताओं को झूठ व मनगढ़ंत आंकड़ों पर बात करने का आरोप लगाया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि झूठ, मनगढ़ंत और फर्जी आंकड़ों पर आधारित कांग्रेस पार्टी की क्लासिक शूट एंड स्कूट ब्रांड की सोशल मीडिया नीति फिर से लागू हो गई है। यहां तक कि उनके सबसे सीनियर नेता भी सभी के सामने भ्रामक बातें करने से पहले तथ्यों की जांच नहीं करते हैं।

Scroll to load tweet…

भारत में रोजगार के अवसर में हुए वृद्धि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में रोजगार के अवसर में बहुत अधिक वृद्धि हुई है। 2016-17 से 2022-23 तक रोजगार में करीब 36 फीसदी वृद्धि हुई है। 17 करोड़ लोगों को काम मिला है। मंत्री ने लिखा, "मैं उन्हें (मल्लिकार्जुन खड़गे) को यह भी याद दिलाना चाहता हूं कि भारत की आर्थिक प्रगति सभी प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर रोजगार सृजन दिखाती है। हम बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर हैं। 2014 में उनके अर्थशास्त्रियों और नीतियों ने हमें 11वें स्थान पर छोड़ दिया था।"

उन्होंने कहा कि इस दौरान भारत की जीडीपी औसतन 6.5% से अधिक की दर से बढ़ी। इससे युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिले। 2022-23 में बेरोजगारी दर घटकर 3.2% हो गई। PLFS के अनुसार, युवा (आयु 15-29 वर्ष) बेरोजगारी दर 2017-18 में 17.8% से घटकर 2022-23 में 10% हो गई है। EPFO 2024 में 131.5 लाख तक पहुंच गया।

नकली डेटा प्राप्त कर रहे हैं मल्लिकार्जुन खड़गे

मंत्री ने कहा कि खड़गे को पता नहीं है कि 2017-2023 के बीच वर्कर पॉपुलेशन रेशियो में लगभग 26% की वृद्धि हुई है। वह गलत जगहों पर देख रहे हैं और नकली डेटा प्राप्त कर रहे हैं। या शायद वह अपनी बिखरती पार्टी को एक साथ रखने की कोशिश में बहुत व्यस्त हैं। अपने सलाहकारों द्वारा बेचे जाने वाले झूठ को खरीद लेते हैं। या वह अपनी पार्टी के घुमंतू शहजादे की ‘बेरोजगारी’ से बहुत अधिक प्रभावित हैं।

कांग्रेस सरकार के समय हुए थे 10 बड़े पेपर लीक

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को पता होना चाहिए कि सत्ता में लंबे समय तक रहने के दौरान उनकी पार्टी ने कई घोटाले किए। कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान कम से कम दस बड़े पेपर लीक हुए (अनगिनत छोटे मामलों का तो जिक्र ही नहीं)। क्या खड़गे ने 2007 में AIEEE पेपर लीक के बारे में नहीं सुना? या 2008 में PMT, 2012 में AIIMS, 2014 में CBSE क्लास 10वीं और 12वीं तथा कर्नाटक, राजस्थान, महाराष्ट्र और हरियाणा में पेपर लीक के बारे में नहीं सुना? क्या वह जानबूझकर कांग्रेस पार्टी की पेपर लीक की सड़ी हुई विरासत को नजरअंदाज करके देश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं?

महंगाई पर झूठी अफवाहें फैलाना बंद करें खड़गे

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि खड़गे को महंगाई पर झूठी अफवाहें फैलाना बंद करना चाहिए। 2023 में भारत की मुद्रास्फीति दर वैश्विक औसत से 1.4 प्रतिशत कम थी। कांग्रेस की पुरानी सरकारें 'गरीबी हटाओ' को एक खोखले नारे के रूप में इस्तेमाल करती थीं। मोदी सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त अनाज दे रही है।

कांग्रेस आवश्यक खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी को लेकर झूठ बोलती रहती है। वे यह नहीं जानते कि दालें, चावल, आटा आदि जैसी निर्दिष्ट वस्तुएं, जब खुले रूप में बेची जाती हैं तो उन्हें जीएसटी से पूरी तरह छूट दी जाती है तथा पैकेज्ड और लेबल वाले रूप में बेचने पर केवल 5% की रियायती जीएसटी ही लगती है।