भाजपा ने यह कार्रवाई उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार के एक्सीडेंट के पांच दिन बाद की। कुलदीप उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट से विधायक है। कुलदीप सिंह को पुलिस ने 2018 में गिरफ्तार किया था। वह सीतापुर की जेल में बंद है। 

लखनऊ. भाजपा ने उन्नाव दुष्कर्म मामले में आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को गुरुवार को पार्टी से निकाल दिया। भाजपा ने यह कार्रवाई पीड़िता और उसके परिवार के एक्सीडेंट के पांच दिन बाद की। कुलदीप उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट से विधायक है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

28 जुलाई को पीड़िता का परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इसमें पीड़िता की मौसी और चाची की मौत हो गई थी। जबकि पीड़िता और उसके वकील गंभीर रुप से घायल हो गए थे। पीड़िता के परिवार ने हादसे के लिए विधायक को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद से ही विपक्षी पार्टियां भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साध रही थीं। पुलिस ने पीड़िता के चाचा की शिकायत पर विधायक सेंगर, उनके भाई और 8 अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। 

सीतापुर जेल में बंद है कुलदीप सिंह
कुलदीप सिंह को पुलिस ने 2018 में गिरफ्तार किया था। वह सीतापुर की जेल में बंद है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि कुलदीप ने 2017 में अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में सीबीआई जांच कर रही है।

बसपा, सपा के बाद भाजपा में शामिल हुए कुलदीप
कुलदीप भाजपा से पहले सपा और बसपा में भी रह चुका है। पहली बार 2002 में बसपा के टिकट पर उन्नाव सदर सीट से विधायक चुना गया था। इसके बाद 2007 में बांगरमऊ और 2012 में भगवंतनगर सीट से सपा का विधायक रहा। 2017 में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कुलदीप ने भाजपा का दामन थामा था।