उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सिल्कयारा में सुरंग में फंसे लोगों को बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को देखने पहुंचे। वह 24 घंटे से कैम्प किए हुए हैं।

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने का काम फाइनल स्टेज में है। कभी भी मजदूरों को बाहर निकाला जा सकता है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) खुद मौके पर कैम्प कर रहे हैं और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। बचाव अभियान में शामिल शैलेश गुलाटी ने एशियानेट न्यूज को बताया है कि सीएम बुधवार रात से मौके पर हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शैलेश गुलाटी सुरंग बनाने और बचाव अभियान में लगी बड़ी-बड़ी मशीन और कंप्रेसर मशीनों के ऑनर हैं। उन्होंने कहा, "सीएम खुद यहीं बैठे हुए हैं। वह कल रात से आए हुए हैं। खुदाई जारी है। हेलीबैड बना दिया गया है। यहां से नेता और बचाव अभियान में शामिल एक्सपर्ट आ रहे हैं। पुष्कर सिंह धामी ने सिल्कयारा में सुरंग के मुख्य द्वार पर बने मंदिर में पूजा-अर्चना की।

पुष्कर सिंह धामी बोले-अंतिम चरण में है बचाव अभियान

पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "बचाव अभियान अब अंतिम चरण में है। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि जल्द से जल्द यह पूरा हो और सुरंग में फंसे श्रमिक भाई सकुशल बाहर आएं। उनके बाहर निकलने के लिए सारे इंतजाम किए गए हैं। एम्बुलेंस तैयार है, अस्पताल भी पूरी तरह से उनके इलाज और जांच के लिए तैयार है। मजदूरों के परिजनों से भी हमारे प्रशासन के लोग बात कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री रोज बचाव अभियान का अपडेट लेते हैं। वह पूरी जानकारी लेते हैं। लगातार चिंता करते हैं कि जल्द से जल्द सभी लोग बाहर आएं। आज भी उन्हें सारी जानकारी से अवगत कराया है। हमारे यहां के विशेषज्ञ और बाहर से आए लोग सभी मिलकर इस कठिन चुनौती पर काम कर रहे हैं। हमें लगता है कि ईश्वर की कृपा से जल्द ही सफलता मिलेगी।”