पश्चिम बंगाल के नैहाटी में उपचुनाव के दौरान टीएमसी नेता अशोक साव की गोली मारकर हत्या। पार्टी के ही लोगों पर हत्या का आरोप, इलाके में तनाव का माहौल।

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के छह विधानसभा सीटों पर बुधवार को उप चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। यहां से हिंसक घटनाओं की खबरें आई हैं। एक टीएमसी नेता की जान उनकी पार्टी के लोगों ने ही ले ली। मृतक की पहचान अशोक साव के रूप में हुई है। घटना उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी सीट के जगतदल की है। अशोक साव गोलीबारी में घायल हो गए थे। बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नैहाटी में उपचुनाव हो रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अशोक साव भाटपाड़ा नगर पालिका के वार्ड संख्या 12 के वार्ड अध्यक्ष थे। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनपर हमला किया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जान नहीं बच सकी। अशोक साव की हत्या से इलाके में भारी तनाव है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

2023 में भी अशोक साव पर किया गया था हमला

चुनाव आयोग ने इस घटना के संबंध में उत्तर 24 परगना के जिला अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। हमले के लिए जिम्मेदार आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर आलोक राजोरिया ने बताया है कि अशोक साव पर 2023 की शुरुआत में भी हमला किया गया था। राजोरिया ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। इलाके से सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।"

पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को चुनाव में हिंसा से जुड़ी 41 शिकायतें मिली हैं। इनमें से 16 भाजपा से संबंधित हैं। इस घटना को लेकर बैरकपुर से टीएमसी सांसद पार्थ भौमिक ने कहा, "मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है। एक व्यक्ति की पहचान हो गई है। देखते हैं पुलिस क्या करती है।"

वार्ड नंबर 17 के पार्षद मनोज पांडे ने कहा कि घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। थाना से मात्र 10 गज की दूरी पर चाय की दुकान है। इसी दुकान पर टीएमसी कार्यकर्ता अशोक साव चाय पी रहे थे। इसी दौरान 2-3 लोग आए और बम चलाने लगे। बम लगने से अशोक घायल हो गए। वह भागने लगे तो उनपर चार-पांच गोली चलाई गई।

यह भी पढ़ें- मणिपुर में हिंसा: सीआरपीएफ ने 10 संदिग्ध कुकी विद्रोहियों को मार गिराया, कर्फ्यू