पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में मतदान से पहले हुई हिंसा में भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई है। सात अन्य घायल हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। घटना के खिलाफ गुरुवार को भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया। 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में बुधवार की रात भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया था। इसके चलते एक महिला कार्यकर्ता की मौत हो गई और सात घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर है। गुरुवार को भाजपा ने कार्यकर्ता की हत्या के खिलाफ नंदीग्राम में विरोध प्रदर्शन किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में तनाव फैल गया है। आगजनी भी की गई है। जिले में भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है। जवानों ने उपद्रव कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया है। नंदीग्राम तामलुक लोकसभा सीट के अंतर्गत है। यहां शनिवार को मतदान होना है।

नंदीग्राम में पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम तक हत्याकांड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के रवैये से भी भाजपा के लोगों में नाराजगी है। नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम पुलिस स्टेशन गए और अपना विरोध जताया।

बीजेपी कार्यकर्ता का बेटा गंभीर रूप से घायल

भाजपा ने बुधवार की रात सोनाचुरा इलाके में अपने कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर आरोप लगाया है। दूसरी ओर टीएमसी ने कहा है कि स्थानीय भाजपा के भीतर अंदरूनी कलह के चलते घटना हुई है। मृतका की पहचान रथीबाला आदि के रूप में हुई है। घायलों में से एक की हालत अधिक गंभीर है। उसे कोलकाता रेफर किया गया है। वह मृतक बीजेपी कार्यकर्ता का बेटा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात बीजेपी समर्थक सोनाचूड़ा के मनसापुकुर बाजार इलाके की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार लोगों के एक समूह ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। रथीबाला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं तो उनके बेटे संजय अद्री ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इस दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: मतदान से पहले नंदीग्राम में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या, TMC पर लगा हमले का आरोप

घायलों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग जुटे, जिसके बाद आरोपी भाग गए। स्थानीय लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया। यहां रथीबाला को मृत घोषित कर दिया गया। भाजपा नेता और नंदीग्राम के विधायक सुवेंदु अधिकारी ने इसे "बर्बर हत्या" बताया है और इसके लिए टीएमसी को दोषी ठहराया है।