राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबरीमाला के दौरे पर केरल पहुंची, जहां हैलीपेड पर उतरने के कुछ देर बाद ही उनका हेलिकॉप्टर अचानक कंक्रीट के गड्ढे में फंस गया। अब केरल पुलिस के एक अधिकारी ने इस हैलीपेड के धंसने की वजह बताई है। 

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम। केरल के पथानामथिट्टा में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद जिस हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरा था, उसका एक हिस्सा ढह गया। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर हेलीकॉप्टर, सबरीमाला दर्शन के लिए पथानामथिट्टा के प्रमादम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उतरा था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हेलीपैड क्यों ढहा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पथानामथिट्टा के एक सीनियर पुलिस ऑफिसर ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू के हेलीकॉप्टर को राजीव गांधी स्टेडियम में उतारने का फैसला आखिरी समय में लिया गया, जिसके बाद मंगलवार देर रात वहां आनन-फानन में हेलीपैड बनाया गया। राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में हेलीपैड का कंक्रीट पूरी तरह से सूख भी नहीं पाया था क्योंकि इसे रातोंरात बनाया गया था। यही वजह थी कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था और हेलीकॉप्टर के उतरते समय वह उसका भार नहीं संभाल सका और जहां पहिए जमीन को छू रहे थे वहां गड्ढे बन गए।

ये भी पढ़ें : अमेरिका जा रहा एयर इंडिया वापस लौटा मुंबई, सामने आई बड़ी वजह, एयरलाइन ने दिए जांच के आदेश

हेलीकॉप्टर के पहियों को गड्ढों से बाहर निकाला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जब सड़क मार्ग से पंबा के लिए रवाना हो गई, उसके कुछ देर बाद कई पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड टीम को हेलीकॉप्टर के पहियों को कंक्रीट पर उतरने के बाद बने छोटे-छोटे गड्ढों से बाहर निकालते देखा गया। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू अपनी चार दिवसीय आधिकारिक केरल यात्रा के लिए मंगलवार शाम तिरुवनंतपुरम पहुंचीं। वह बुधवार सुबह पथानामथिट्टा ज़िले के लिए रवाना हुईं, जहां सबरीमाला का पहाड़ी मंदिर स्थित है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने किए सबरीमला मंदिर के दर्शन

बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबरीमला मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए। बता दें कि सबरीमला मंदिर केरल के पथनमथिट्टा जिले में स्थित है। यह पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में पेरियार टाइगर रिजर्व के अंदर सबरीमला नाम की एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। इस मंदिर में भगवान अय्यप्पन (जिन्हें अयप्पा स्वामी भी कहते हैं) की मूर्ति है। मान्यताओं के अनुसार, वह भगवान शिव और मोहिनी (भगवान विष्णु के महिला अवतार) के पुत्र हैं। मंदिर भगवान अय्यप्पन को समर्पित है और हर साल लाखों भक्त उनके दर्शन करने आते हैं।

ये भी देखें : बाल-बाल बचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान धंसा हेलीपैड-Watch Video