दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर (Yamuna water level in Delhi) ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 1978 के बाद पहली बार जलस्तर 207.55 मीटर को पार कर गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है।

नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली रेलवे पुल पर यमुना नदी का जल स्तर (Yamuna water level in Delhi) बुधवार तड़के 207 मीटर के स्तर को पार कर गया था। इसके और बढ़ने की आशंका है। इससे राजधानी में बाढ़ का डर पैदा हो गया है। बुधवार दोपहर 1 बजे यमुना का जलस्तर 207.55 मीटर तक पहुंच गया। इससे 1978 का रिकॉर्ड (207.49 मीटर) टूट गया है।

यमुना नदी के जलस्तर के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी बैठक की। यमुना के पानी ने दिल्ली में प्रवेश करना शुरू कर दिया है। निचले इलाकों में पानी भर रहा है, जिससे वहां रहने वाले लोगों में दहशत है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के बाढ़-निगरानी पोर्टल के अनुसार पुराने रेलवे ब्रिज पर जल स्तर 2013 के बाद पहली बार सुबह 4 बजे 207 मीटर के निशान को पार कर गया। यह बुधवार सुबह 8 बजे तक बढ़कर 207.25 मीटर हो गया था। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया है कि यमुना का जलस्तर 207.72 मीटर तक पहुंच सकता है।

Scroll to load tweet…

रिंग रोड तक पहुंचा यमुना का पानी
दरअसल, हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है। इसके चलते यमुना नदी उफना गई है। हरियाणा हथनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ रहा है, जिससे दिल्ली पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना नदी का पानी रिंग रोड तक पहुंच गया है। इसे रोकने के लिए रेत की बोरियां डलवाई जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को निकाला जा रहा है। उन्हें राहत कैम्पों में रखा जा रहा है।

दिल्ली के निचले इलाकों में भरा पानी

दिल्ली में यमुना नदी के किनारे के पास के निचले इलाकों में पानी भर गया है। घर और बाजार पानी में डूब गए हैं। इसके चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग निचले फ्लोर को छोड़कर छत पर चले गए हैं। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

यह भी पढ़ें- Weather Updates: उत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ से 100 लोगों की मौत, हिमाचल में 80 की गई जान, रास्ते बंद होने से पर्यटक फंसे

केंद्रीय जल आयोग के अधिकारियों ने भविष्यवाणी की है कि जल स्तर और बढ़ सकता है। यह 207.57 मीटर तक पहुंच सकता है। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने पर पुरानी दिल्ली में अत्यधिक बाढ़ की चेतावनी दी जाएगी। दिल्ली में पिछले तीन दिनों में यमुना के स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा है। पुराने रेलवे पुल को यातायात और ट्रेन की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है।

यह भी पढ़ें- Heavy Rain Warning: पूर्वोत्तर भारत सहित बिहार, मध्य प्रदेश और यूपी में भारी बारिश की चेतावनी