Indian Matchmaker Viral Video: ₹11 लाख कमाने वाली लड़की की पसंद थे ₹1 करोड़ कमाने वाले लड़के। लगातार रिजेक्शन के बाद मैचमेकर ओएंद्रिला कपूर ने उठाया बड़ा कदम। जानिए
1 Crore Salary Groom: शादी के लिए अपनी पसंद और शर्तें रखना हर किसी का अधिकार है, लेकिन जब उम्मीदें हकीकत से काफी आगे निकल जाएं तो रिश्ते बनना मुश्किल हो सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भारतीय मैचमेकर ओएंद्रिला कपूर ने एक ऐसे मामले का जिक्र किया है, जिसमें लगातार असफल कोशिशों के बाद उन्होंने एक महिला की प्रोफाइल अपनी मैचमेकिंग सर्विस से हटाने का फैसला किया। उनका कहना है कि समस्या पसंद रखने की नहीं, बल्कि उन अपेक्षाओं और वास्तविकता के बीच बढ़ते अंतर की थी।
शुरुआत में बताई गई थीं सामान्य शर्तें
ओएंद्रिला कपूर के मुताबिक, उनके पास 28 वर्षीय एक महिला की प्रोफाइल आई थी। महिला ब्राह्मण समुदाय से थी और उसकी सालाना आय करीब 11 लाख रुपये थी। शुरुआत में परिवार की ओर से सिर्फ इतना कहा गया कि उन्हें पढ़ा-लिखा, अच्छे परिवार से जुड़ा और अच्छी नौकरी करने वाला लड़का चाहिए। इसी आधार पर मैचमेकिंग टीम ने महिला की उम्र, शिक्षा और प्रोफाइल के अनुरूप कई योग्य युवकों के प्रस्ताव भेजे। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि परिवार ने लगभग हर प्रोफाइल को बिना आगे बढ़े ही खारिज कर दिया।
जब परिवार से मांगे पसंदीदा प्रोफाइल, तब सामने आई असली तस्वीर
लगातार हो रही अस्वीकृति के बाद टीम ने परिवार से कहा कि वे खुद ऐसे लड़कों की प्रोफाइल साझा करें, जिन्हें वे पसंद करते हैं। यहीं से पूरी तस्वीर साफ होने लगी। कपूर के अनुसार, परिवार की ओर से भेजी गई लगभग सभी प्रोफाइल ऐसे पुरुषों की थीं, जिनकी सालाना कमाई 1 करोड़ रुपये से अधिक थी। इतना ही नहीं, सभी लड़के बंगाली ब्राह्मण समुदाय से थे। जब इस बारे में सवाल किया गया तो महिला ने कहा कि उसने किसी आय सीमा की शर्त नहीं रखी है, बल्कि उसे ऐसे प्रोफाइल अधिक आकर्षक लगे। वहीं, जाति को लेकर महिला की मां ने बताया कि परिवार चाहता है कि रिश्ता केवल बंगाली ब्राह्मण समुदाय में ही हो।
कोशिश पूरी हुई, लेकिन कोई रिश्ता आगे नहीं बढ़ा
मैचमेकर का कहना है कि उनकी टीम ने परिवार की पसंद के अनुसार कई हाई-इनकम प्रोफाइल से संपर्क भी किया। हालांकि, जिन युवकों से बात की गई, उनमें से किसी ने भी इस रिश्ते में रुचि नहीं दिखाई। इसी स्थिति को देखते हुए आखिरकार मैचमेकिंग सर्विस ने महिला की प्रोफाइल आगे न बढ़ाने का फैसला लिया। कपूर का कहना है कि किसी भी रिश्ते में केवल अपेक्षाएं ही नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की रुचि और समानता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। नीचे देखें वायरल वीडियो-
वायरल वीडियो के बाद रिश्तों की सोच पर चर्चा
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच आधुनिक मैचमेकिंग, आय, जाति और जीवनसाथी चुनने की प्राथमिकताओं को लेकर नई बहस छेड़ चुका है। यह मामला इस बात की भी याद दिलाता है कि शादी के रिश्तों में पसंद रखना स्वाभाविक है, लेकिन अपेक्षाएं और वास्तविक परिस्थितियां जितनी संतुलित होंगी, सही जीवनसाथी मिलने की संभावना भी उतनी ही बेहतर होगी।


