Viral Video Why Keerthana Menon Shaved Her Head: कीर्तना मेनन के सिर मुंडवाने वाले वायरल वीडियो की असली कहानी जानिए। शादी से जुड़ी अफवाहों पर उन्होंने खुद बताया पूरा सच।
Woman Shaved Head Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों कंटेंट क्रिएटर कीर्तना मेनन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उनका सिर पूरी तरह मुंडा हुआ दिखाई देता है, जिसके बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की कहानियां गढ़ी जाने लगीं। कई लोगों ने दावा किया कि उन्होंने अपनी मां द्वारा तय की गई अरेंज मैरिज से बचने के लिए यह कदम उठाया। हालांकि, अब खुद कीर्तना मेनन ने सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई शेयर की है और वायरल दावों पर विराम लगा दिया है।
एक कैप्शन ने बदल दी पूरी कहानी
दरअसल, कीर्तना मेनन ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा था, "POV: My mom planned my marriage." इस एक लाइन को कई लोगों ने सच मान लिया और देखते ही देखते यह चर्चा फैल गई कि उन्होंने शादी से बचने के लिए अपने बाल मुंडवा लिए। वीडियो वायरल होने के बाद इस दावे ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। कई यूजर्स ने इसे पारिवारिक दबाव के खिलाफ उठाया गया कदम बताया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने बिना पूरी जानकारी के इसी कहानी को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया। नीचे देखें वायरल वीडियो-
यूट्यूब वीडियो में बताया असली कारण
बढ़ती चर्चाओं के बीच कीर्तना मेनन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने अंग्रेजी में बात करते हुए साफ कहा कि सिर मुंडवाने का फैसला किसी शादी या पारिवारिक दबाव से जुड़ा नहीं था। यह पूरी तरह उनकी अपनी इच्छा थी, जिसे वह काफी समय से पूरा करना चाहती थीं। कीर्तना ने बताया कि वह एक बार अपने कजिन के घर गई थीं। वहीं अचानक उनके मन में सिर मुंडवाने का विचार आया। जब उन्होंने यह बात अपनी मां से कही तो शुरुआत में उनकी मां को लगा कि वह मजाक कर रही हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर मन है तो कर लो। बाद में जब मां को एहसास हुआ कि बेटी इस फैसले को लेकर पूरी तरह गंभीर है, तो उन्होंने उसका साथ दिया। इसके बाद दोनों मंदिर गए, जहां कीर्तना ने अपने बाल दान कर दिए। नीचे देखें वीडियो-

सोशल मीडिया पर मिले मिले-जुले रिएक्शन
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने उनके नए लुक की तारीफ करते हुए लिखा कि वह इस अंदाज में बेहद आत्मविश्वासी और दमदार नजर आ रही हैं। कुछ लोगों ने उन्हें "ब्रेव" बताया, तो कई ने लिखा कि उनका आत्मविश्वास दूसरों के लिए भी प्रेरणा है। वहीं, कई यूजर्स ने हार्ट इमोजी के जरिए उनके फैसले का समर्थन किया। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है।
सोशल मीडिया पर हर वायरल दावा सही नहीं होता
कीर्तना मेनन का यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर किसी पोस्ट के कैप्शन या छोटे से वीडियो के आधार पर बनाई गई कहानी हमेशा वास्तविकता नहीं होती। वायरल चर्चाओं के बीच खुद क्रिएटर की ओर से दी गई जानकारी ने साफ कर दिया कि उनका फैसला पूरी तरह व्यक्तिगत था और उनकी मां ने इस निर्णय में उनका पूरा साथ दिया।


