Noida Property Prices: नोएडा में ₹1 करोड़ का बजट भी घर खरीदने के लिए कम पड़ रहा है। वायरल वीडियो के बाद प्रॉपर्टी कीमतों और मिडिल क्लास की मुश्किलों पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

Noida Real Estate: नोएडा में लगातार बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों ने एक बार फिर आम नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नोएडा के एक निवासी ने दावा किया कि करीब 1 करोड़ रुपए का बजट होने के बावजूद उन्हें अपनी जरूरत के हिसाब से घर नहीं मिल सका। उनका कहना है कि शहर में लॉन्च हो रहे कई नए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की शुरुआती कीमत ही 2 करोड़ रुपए के आसपास है। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बड़ी बहस शुरू हो गई है।

किराया के बजाय EMI देना बेहतर लगा, लेकिन बजट ही छोटा पड़ गया

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में युवक ने बताया कि वह लंबे समय से नोएडा में किराये पर रह रहे हैं। उनके मन में विचार आया कि हर महीने भारी किराया देने के बजाय उसी रकम से होम लोन की EMI चुकाना ज्यादा समझदारी होगी। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रॉपर्टी की तलाश शुरू की। हालांकि, प्रॉपर्टी डीलर्स से बात करने के बाद उन्हें पता चला कि जिन फ्लैट्स की उन्हें उम्मीद थी, उनकी कीमत उनके बजट से काफी ऊपर है। उनका कहना है कि 1 करोड़ रुपए तक का बजट तैयार करने के बावजूद उन्हें उपयुक्त घर नहीं मिला, जबकि कई नए प्रोजेक्ट्स 2 करोड़ रुपए से शुरू होकर 4 करोड़ रुपए तक पहुंच रहे हैं।

आखिर इतनी महंगी प्रॉपर्टी खरीद कौन रहा है?

वीडियो में युवक ने सवाल उठाया कि एक सामान्य सैलरी पाने वाला व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की जरूरतें, परिवार और अन्य खर्च संभालते हुए करोड़ों रुपये का घर कैसे खरीद सकता है। उनका कहना है कि अपनी आर्थिक क्षमता की पूरी सीमा तक जाने के बाद भी 1 करोड़ रुपए से ज्यादा का इंतजाम करना आसान नहीं है। ऐसे में यह समझना मुश्किल है कि आखिर इन महंगे फ्लैट्स के खरीदार कौन हैं। नीचे देखें इंस्टाग्राम वायरल वीडियो-

View post on Instagram

सोशल मीडिया पर बंटी राय

वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स का मानना है कि प्रॉपर्टी की कीमतें वास्तविक लागत की तुलना में काफी ज्यादा बढ़ चुकी हैं और यह स्थिति एक संभावित प्रॉपर्टी बबल की ओर इशारा करती है। कई लोगों ने यह भी कहा कि पुराने हाउसिंग सोसायटी के फ्लैट भी कई जगह नए प्रोजेक्ट्स से महंगे बिक रहे हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने अलग नजरिया रखा। उनका कहना है कि महंगी प्रॉपर्टी की कीमत सिर्फ चार दीवारों की नहीं होती, बल्कि बेहतर लोकेशन, सुरक्षित सोसायटी, आधुनिक सुविधाएं, क्लब, स्विमिंग पूल, हरियाली, प्रोफेशनल कम्युनिटी और बेहतर लाइफस्टाइल जैसी सुविधाएं भी उसकी कीमत का हिस्सा होती हैं।

बढ़ती कीमतों के बीच घर खरीदें या किराये पर रहें?

इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मौजूदा दौर में घर खरीदना हर किसी के लिए सही फैसला है या नहीं। कई लोगों ने सलाह दी कि यदि बजट पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा हो तो फिलहाल किराये के घर में रहना ज्यादा प्रैक्टिकल ऑप्शन हो सकता है। वहीं, बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच यह बहस भी तेज हो गई है कि आने वाले समय में नोएडा जैसे शहरों में अपना घर खरीदना मध्यम वर्ग के लिए और चुनौतीपूर्ण होता जाएगा।