Window Seat Story Viral Post: दिल्ली-पुणे फ्लाइट में 7 साल के बच्चे के विंडो सीट मांगने और उनके पीछे की वजह ने लोगों को इमोशनल कर दिया है। इंसानियत और संवेदनशीलता से जुड़ी यह कहानी LinkedIn पर पोस्ट की गई है, जो अब वायरल हो रहा है। पढ़ें

LinkedIn Viral Post: हवाई सफर में सीट बदलने की मांग अक्सर सामान्य बात मानी जाती है। कई लोग मना कर देते हैं तो कई बिना किसी झिझक के अपनी सीट छोड़ देते हैं। लेकिन दिल्ली से पुणे जा रही एक फ्लाइट में हुई ऐसी ही एक छोटी-सी घटना ने यह साबित कर दिया कि कभी-कभी कुछ मिनटों की इंसानियत किसी की जिंदगी की सबसे खूबसूरत याद बन जाती है। फिनटेक इंडस्ट्री से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी अनूप कुमार बेदी ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में इसी सफर का अनुभव साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का दिल जीत रहा है।

मासूम की एक इच्छा, जिसने सफर का मतलब बदल दिया

अनूप कुमार बेदी अपनी विंडो सीट पर बैठ चुके थे। तभी करीब सात साल का एक बच्चा अपने पिता के साथ उनके पास आया और विनम्रता से पूछा कि क्या वह खिड़की वाली सीट पर बैठ सकता है। बच्चे के पिता ने तुरंत कहा कि अगर सीट बदलना असुविधाजनक हो तो कोई दबाव नहीं है। अनूप ने मुस्कुराते हुए बिना देर किए अपनी सीट बच्चे को दे दी। सीट मिलते ही बच्चे की खुशी देखने लायक थी। उसने कुछ पल तक बादलों की तरफ देखा, फिर अपने पिता के कंधे पर सिर रखकर गहरी नींद में सो गया। पूरी उड़ान के दौरान वह लगभग सोता ही रहा।

लैंडिंग से पहले सामने आई असली कहानी

फ्लाइट के उतरने से कुछ देर पहले बच्चे के पिता ने बातचीत के दौरान बताया कि उनका बेटा पिछले आठ महीनों से दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर में सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया का इलाज करा रहा था। इलाज के दौरान परिवार ने कई कठिन दौर देखे और कई बार उम्मीद भी टूटती नजर आई। डॉक्टरों ने हाल ही में पहली बार बच्चे को यात्रा करने की अनुमति दी थी, इसलिए वे इलाज पूरा होने के बाद घर लौट रहे थे। इसके बाद पिता ने वह बात बताई, जिसने पूरे घटनाक्रम को भावुक बना दिया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने उनसे कहा था, "पापा, जब हमारा विमान बादलों के ऊपर होगा, तब मैं भगवान के थोड़ा और करीब रहूंगा और उन्हें ठीक करने के लिए धन्यवाद कह सकूंगा।"

एक पल में बदल गई सोच

यह सुनकर अनूप भावुक हो गए। जिस बच्चे को उन्होंने कुछ देर पहले सिर्फ एक उत्साहित यात्री समझा था, अब वही उन्हें जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई जीतकर लौटता हुआ एक बहादुर योद्धा दिखाई दे रहा था। एयरपोर्ट पर उतरते समय बच्चे के पिता ने उनका आभार जताया, लेकिन अनूप के मुताबिक असली तोहफा उन्हें उस परिवार से मिला। नीचे देखें वायरल पोस्ट-

लोगों को मिला संवेदनशीलता का संदेश

लिंक्डइन पर शेयर की गई इस घटना पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने लिखा कि हम अक्सर लोगों के व्यवहार को देखकर तुरंत राय बना लेते हैं, जबकि उनके जीवन में चल रही मुश्किलों से बिल्कुल अनजान होते हैं। इस कहानी ने एक बार फिर याद दिलाया कि हर व्यक्ति अपने भीतर कोई न कोई संघर्ष छिपाए हुए है। ऐसे में थोड़ा धैर्य, थोड़ा अपनापन और एक छोटा-सा दयालु कदम किसी के लिए हमेशा याद रहने वाला पल बन सकता है। यही संवेदनशीलता समाज को बेहतर और इंसानियत को मजबूत बनाती है।