यूपी के गोरखपुर में एक 19 साल की लड़की सब कहते हैं कि तुम खूबसूरत हो, लेकिन इस NEET की तैयारी कर रही छात्रा को शीशे में अपना चेहरा बदसूरत नजर आता है। इस आदत ने उसकी जिंदगी इतनी मुश्किल कर दी कि वह तीन बार आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है।
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश). 'मैं 19 साल की हूं। सब कहते हैं कि मैं सुंदर हूं, लेकिन जब शीशे में खुद को देखती हूं तो अपना चेहरा बदसूरत लगता है। तीन बार आत्महत्या की कोशिश कर चुकी हूं।' ये बातें बस्ती की एक NEET छात्रा ने गोरखपुर की साइकोलॉजिस्ट को बताईं। बाहर से देखने पर उसकी जिंदगी सामान्य लगती है। पढ़ाई अच्छी है, परिवार का प्यार है और दोस्त भी हैं। लेकिन अपने चेहरे को लेकर उसके मन में ऐसी नकारात्मक सोच बैठ गई है कि वह हर दिन परेशान रहती है।
छात्रा की हालत से उसके माता-पिता भी काफी चिंतित हैं। बेटी की सुरक्षा को लेकर परिवार का कोई न कोई सदस्य हमेशा उसके साथ रहता है। माता-पिता रातभर ठीक से सो नहीं पाते। कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद भी जब सुधार नहीं हुआ तो वे उसे साइकोलॉजिस्ट के पास लेकर पहुंचे। काउंसलिंग में पता चला कि वह बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर से परेशान है।
12वीं में अच्छे नंबर, अब NEET की तैयारी
छात्रा का नाम नितिका (बदला हुआ नाम) है। वह बस्ती की रहने वाली है। उसने 12वीं तक गोरखपुर के एक स्कूल में पढ़ाई की और अच्छे नंबरों से परीक्षा पास की। फिलहाल वह मेडिकल की पढ़ाई के लिए NEET की तैयारी कर रही है। उसकी मां टीचर हैं, जबकि पिता प्रदेश के एक जिले में प्रशासनिक अधिकारी हैं।
दो साल से शीशे में तलाश रही चेहरे की कमियां
- नितिका ने साइकोलॉजिस्ट को बताया कि पिछले दो साल से वह हर दिन अपने चेहरे को लेकर परेशान रहती है। सुबह उठते ही सबसे पहले शीशे में खुद को देखती है। उसे लगता है कि उसकी नाक टेढ़ी है, चेहरा अच्छा नहीं है और पेट बाहर निकला हुआ है।
- वह कई बार घंटों शीशे के सामने खड़ी रहती है। कभी मेकअप करती है तो कभी बार-बार बाल संवारती है। इसके बाद भी उसे अपना चेहरा पसंद नहीं आता।
फोटो खिंचवाने से भी लगता है डर
नितिका के मुताबिक, कॉलेज जाने पर उसे लगता है कि सभी लोग उसे ही देख रहे हैं और उसकी कमियों पर हंस रहे हैं। इसी वजह से वह क्लास में पीछे बैठना पसंद करती है। ग्रुप फोटो में भी अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती है।
क्या है बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर?
- बॉडी डिस्मॉर्फिक डिसऑर्डर एक मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या है। इसमें व्यक्ति अपने शरीर या चेहरे की किसी छोटी या काल्पनिक कमी को लेकर जरूरत से ज्यादा परेशान रहने लगता है। कई बार दूसरे लोगों को वह कमी दिखाई भी नहीं देती, लेकिन पीड़ित व्यक्ति लगातार उसी के बारे में सोचता रहता है।
- ऐसी स्थिति में समय पर मनोवैज्ञानिक की मदद और सही इलाज जरूरी है। परिवार का साथ भी मरीज के लिए काफी अहम होता है।
(डिस्क्लेमर: आत्महत्या के बारे में बात करना कुछ लोगों के लिए परेशान करने वाला हो सकता है। हालांकि, आत्महत्या को रोका जा सकता है। अगर आपको मदद की जरूरत है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद की जरूरत है, तो कृपया अपने नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
हेल्पलाइन: आसरा: 022 2754 6669; स्नेहा इंडिया फाउंडेशन: +914424640050 और संजीवनी: 011-24311918, रोशनी फाउंडेशन (सिकंदराबाद) संपर्क नंबर: 040-66202001, 040-66202000; वन लाइफ: संपर्क नंबर: 78930 78930, सेवा: संपर्क नंबर: 0944177829














