मिडिल ईस्ट में मैनेजमेंट कंसल्टिंग की नौकरी के बाद 37 साल के एक भारतीय प्रोफेशनल ने 3 साल में अपनी नेट वर्थ ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹7.5 करोड़ कर ली। नौकरी करने वाले शख्स ने आखिर कैसे बढ़ाई अपनी दौलत?

Success Story: 37 साल के एक भारतीय प्रोफेशनल की कामयाबी से जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उन्होंने बताया कि कैसे मिडिल ईस्ट में मैनेजमेंट कंसल्टिंग की नौकरी करने के बाद महज तीन साल में उन्होंने अपनी नेट वर्थ करीब ₹1 करोड़ से बढ़ाकर लगभग ₹7.5 करोड़ कर ली। इस शख्स ने Reddit पर अपनी कहानी शेयर की है। उनकी पोस्ट का नाम '34 साल की उम्र में ₹1 करोड़ से 37 साल की उम्र में ₹7.5 करोड़: मिडिल ईस्ट में मेरी कंसल्टिंग यात्रा' है। इसमें उन्होंने अपने करियर, कमाई, निवेश और संपत्ति बनाने के सफर के बारे में विस्तार से बताया।

22 साल की उम्र में ₹10 लाख की सैलरी से शुरू किया करियर

शख्स ने बताया कि वो इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से है। इसके बाद उसने भारत के टॉप इंस्टिट्यूट से MBA किया और फिलहाल एक बड़ी मैनेजमेंट कंसल्टिंग कंपनी में काम कर रहा है। 37 वर्षीय इस प्रोफेशनल के मुताबिक, उसने 22 साल की उम्र में ग्रेजुएट ट्रेनी के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। उस समय उसकी सालाना सैलरी करीब ₹10 लाख (LPA) थी। करियर की शुरुआत के कुछ साल बाद उन्होंने MBA किया और इसके बाद उनकी प्रोफेशनल जर्नी में बड़ा बदलाव आया।

MBA के बाद ₹25 लाख सालाना पैकेज पर कंसल्टिंग में एंट्री

MBA पूरा करने के बाद 26 साल की उम्र में उन्होंने मैनेजमेंट कंसल्टिंग का रुख किया। इस दौरान उन्हें करीब ₹25 लाख सालाना का पैकेज मिला। कंसल्टिंग में काम करने के बाद उन्होंने आगे इंडस्ट्री में भूमिका बदलने का फैसला किया।

29 साल की उम्र में ₹40 लाख की नौकरी

उन्होंने बताया कि 29 साल की उम्र में वह एक इंडस्ट्री रोल में चले गए। उस समय उनका सालाना पैकेज करीब ₹40 लाख था। इसके बाद अगले पांच साल में उनकी कमाई धीरे-धीरे बढ़ती गई और करीब ₹65 लाख सालाना तक पहुंच गई। इसी दौरान उन्होंने अपनी कमाई का एक हिस्सा अलग-अलग निवेश विकल्पों में लगाना शुरू किया। EPF, सोना, इक्विटी और रियल एस्टेट में निवेश के जरिए उनकी कुल नेट वर्थ करीब ₹1 करोड़ तक पहुंच गई।

34 साल की उम्र में Middle East ने बदली आर्थिक स्थिति

उनके करियर में सबसे बड़ा बदलाव 34 साल की उम्र में आया। इस उम्र में वह एक बार फिर मेनस्ट्रीम मैनेजमेंट कंसल्टिंग में लौटे, लेकिन इस बार उन्होंने मिडिल ईस्ट में नौकरी शुरू की। उन्होंने बताया कि इस नौकरी के बाद उनकी सालाना कमाई बढ़कर करीब ₹3.5 करोड़, यानी लगभग $400,000 हो गई। उनके मुताबिक, इस आय पर टैक्स नहीं लगता था। इस बढ़ी हुई कमाई ने उनकी सेविंग और निवेश की रफ्तार को काफी तेज कर दिया।

3 साल में ₹1 करोड़ से ₹7.5 करोड़ हुई Net Worth

इस प्रोफेशनल के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में काम शुरू करने के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति तेजी से बढ़ाई। उन्होंने बताया कि 37 साल की उम्र तक उन्होंने करीब ₹6.5 करोड़ बचा लिए, जो उन्होंने पिछले लगभग 2.5 साल में जमा किए। उन्होंने अपनी Reddit पोस्ट में लिखा कि इस दौरान उनकी कुल नेट वर्थ बढ़कर करीब ₹7.5 करोड़ हो गई। यानी 34 साल की उम्र में करीब ₹1 करोड़ की नेट वर्थ से शुरुआत करने के बाद तीन साल के भीतर उनकी संपत्ति करीब ₹7.5 करोड़ तक पहुंच गई।

मुंबई में तीन पूरी तरह चुकाई हुई प्रॉपर्टीज

37 साल के इस प्रोफेशनल ने अपनी मौजूदा संपत्ति के बारे में भी जानकारी शेयर की। उनके पास मुंबई में तीन प्रॉपर्टीज हैं। इसके अलावा गोल्ड और इक्विटी में भी निवेश है। उन्होंने बताया कि उनके पास फिजिकल गोल्ड और Sovereign Gold Bonds (SGBs) मिलाकर करीब 700 ग्राम सोना है।

इक्विटी में करीब ₹30 लाख का निवेश

उनकी संपत्ति में इक्विटी निवेश भी शामिल है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके इक्विटी पोर्टफोलियो की वैल्यू करीब ₹30 लाख है। अब उनकी योजना अपने इक्विटी पोर्टफोलियो को और बड़ा करने की है। यानी आगे वह अपनी संपत्ति में इक्विटी निवेश का हिस्सा बढ़ाने पर ध्यान देना चाहते हैं।

लोगों ने की Wealth Creation की तारीफ

  • उनकी पोस्ट सामने आने के बाद Reddit पर कई यूजर्स ने उनके करियर और संपत्ति बनाने के सफर की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, "प्रेरणा देने के लिए धन्यवाद भाई।"
  • एक अन्य यूजर ने उनके सफर की तारीफ करते हुए कहा कि जिस मुकाम पर वह आज पहुंचे हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने निश्चित तौर पर काफी मेहनत की होगी।
  • वहीं, एक तीसरे यूजर ने मिडिल ईस्ट में कमाई और संपत्ति बनाने के अनुभव को लेकर लिखा कि दौलत बनाने के लिए मिडिल ईस्ट एक 'चीट कोड' जैसा है।