Ankit Sharma Murder Case : दिल्ली के चर्चित अंकित शर्मा मर्डर केस से फिर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने हैं। जबकि कोर्ट ने ताहिर हुसैन को दोषी ठहरा दिया है। फिर भी केजरीवाल ने लंबी चुप्पी के बाद यू टर्न लेते हुए तगड़ा जवाब दिया है।
नई दिल्ली : ताहिर हुसैन मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक तरह से सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले में सोमवार को दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया। इस फैसले के बाद से ही बीजेपी, AAP और अरविंद केजरीवाल पर हमलावर है, लेकिन AAP के बड़े नेताओं ने इस पर काफी हद तक चुप्पी साध रखी है।
कोर्ट के फैसले के बाद केजरीवाल ने कही बड़ी बात
- कड़कड़डूमा कोर्ट के फैसले और बीजेपी नेताओं के हमलों के जवाब में AAP ने सोमवार रात एक लिखित बयान जारी किया और मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट किया। लेकिन पार्टी की तरफ से कोई वीडियो बयान या प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की गई है।
- इस बीच, जब इस मामले पर AAP के ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान से पूछा गया, तो उन्होंने बस इतना कहा कि यह फैसला सेशंस कोर्ट से आया है और उम्मीद है कि इसके खिलाफ हाई कोर्ट में अपील की जाएगी, जहां से न्याय की उम्मीद है।
आप नहीं ओवैसी की पार्टी का नेता है ताहिर हुसैन?
- AAP नेता इस मामले से यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि पार्टी ने दंगों के तुरंत बाद ही ताहिर हुसैन को सस्पेंड कर दिया था। AAP अपने बचाव में यह भी कह रही है कि ताहिर हुसैन ने पिछला दिल्ली विधानसभा चुनाव असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था। इसी मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने भी एक पोस्ट में बीजेपी को जवाब दिया।
- बीजेपी नेता अमित मालवीय के हमले का जवाब देते हुए केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा, "हमने उसे बहुत पहले ही AAP से निकाल दिया था। क्या वह चंदा चोर पार्टी के किसी सहयोगी संगठन में शामिल नहीं हुआ था?"
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने केजरीवाल से किया सवाल?
- मंगलवार शाम को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला और अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को निशाने पर लिया। उन्होंने पूछा, "क्या अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह जवाब देंगे कि उन्होंने दिल्ली में दंगे भड़काने की ऐसी और कितनी साजिशें रची हैं?" हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अब तक इन आरोपों का भी कोई जवाब नहीं दिया है।
- इस मामले पर मंगलवार शाम एक लिखित बयान जारी करते हुए आम आदमी पार्टी ने कहा, "2020 के दिल्ली दंगों के मामले में ताहिर हुसैन के खिलाफ FIR दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर, AAP ने 27 फरवरी, 2020 को उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। तब से उनका AAP से कोई लेना-देना नहीं है।"


