Agra Accident News: आगरा में एक तेज रफ्तार कार के पलटने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दो लोग घायल हैं। सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया है। वहीं, दिल्ली में भी एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिसमें एक शख्स की जान चली गई।

3 Dead in Agra Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल्ली से बलिया जा रही तेज रफ्तार कार डौकी थाना क्षेत्र में बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

फतेहाबाद के एसीपी इमरान अहमद के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस को घायलों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार काफी तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

दिल्ली में भीषण हिट-एंड-रन

शनिवार को दिल्ली में भी सड़क हादसे का एक दर्दनाक मामला सामने आया। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार सफेद i20 कार ने एक ऑटो-रिक्शा और रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना मेट्रो स्टेशन से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है, ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।