Kolkata Mumbai Flight: कोलकाता से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में धमकी मिलने के बाद एक यात्री को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की।
Kolkata Airport News: पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को धमकी मिलने की सूचना सामने आई। विमान उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को देखते हुए विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इस मामले में अब एक यात्री को हिरासत में लिया गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने गुरुवार को प्रेस नोट जारी कर इसकी पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए यात्री को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है।
उड़ान भरने से पहले क्यों रोकनी पड़ी फ्लाइट?
यह पूरा मामला 11 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 (कोलकाता-मुंबई) से जुड़ा है। विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी धमकी मिलने की सूचना सामने आई। इसके बाद बिना कोई जोखिम लिए विमान को मुख्य एप्रन से हटाकर आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया।
इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और तय सुरक्षा प्रक्रिया (SOP) के तहत जांच शुरू कर दी। यात्रियों, क्रू मेंबर्स और एयरपोर्ट कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की जांच की गई।
एक यात्री हिरासत में, पुलिस को सौंपा गया
कोलकाता एयरपोर्ट के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग ने गुरुवार को बताया कि घटना के संबंध में एक यात्री को पकड़ा गया है। उसे NSCBI एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। AAI के प्रेस नोट में कहा गया कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 से जुड़ी घटना के सिलसिले में एक यात्री को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि धमकी किस तरह दी गई थी और हिरासत में लिए गए यात्री की इसमें क्या भूमिका थी।
धमकी के पीछे कौन, जांच में जुटीं एजेंसियां
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाए और पूरे मामले की जांच शुरू की। फिलहाल धमकी की प्रकृति, उसके स्रोत और यात्री की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। इस घटना ने एक बार फिर हवाई अड्डों और विमानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।












