गाजा के नासिर अस्पताल पर इजरायली हवाई हमला हुआ। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हुए। हमले से सर्जरी विभाग तबाह हुआ। यह हमला सीजफायर के दौरान हुआ।
गाजा में एक बार फिर इजरायली हमले ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस स्थित नासिर अस्पताल के एक हिस्से को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। गाजा की सिविल डिफेंस सर्विस के मुताबिक, हमले में अस्पताल का सर्जरी विभाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मरने वालों में एक सर्जन रेजिक अबुशीरा भी शामिल हैं। सामने आए वीडियो में अस्पताल के अंदर मलबा, टूटे हुए कमरे, घायल लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाते लोग और शवों को बाहर निकालते बचावकर्मी दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह है कि यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इजरायल और हमास के बीच सीजफायर समझौता लागू है। इजरायल ने फिलहाल इस हमले पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी है।













