Vijay Bajiya killed in Jaipur: जयपुर में विजय बाजिया नाम के एक हिस्ट्रीशीटर की बीच सड़क पर कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने पहले उसकी एसयूवी को टक्कर मारी और फिर दौड़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस इसे गैंगवार का मामला मान रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Jaipur SUV Ambush Attack: जयपुर में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों ने बीच सड़क पर टोयोटा फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी और फिर ड्राइवर को दौड़ाकर कुल्हाड़ी से काट डाला। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। वारदात कुछ ही मिनटों में सरेआम हुई, जिसे देखकर इलाके के लोग दहल गए। मृतक की पहचान हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया के रूप में हुई है। वह बुधवार रात जोबनेर से जयपुर जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक, 4-6 बदमाशों ने अपनी कैंपर वैन से बाजिया की एसयूवी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी।
जान बचाने के लिए विजय अपनी गाड़ी से उतरकर भागा, लेकिन बदमाशों ने उसे घेर लिया। उन्होंने कुल्हाड़ी से उस पर कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया। 5 मिनट से भी कम समय में वारदात को अंजाम देकर हत्यारे अपनी कैंपर से फरार हो गए।
आंखों के सामने हुई इस खौफनाक घटना से लोग सहम गए। लोग चीखते रहे लेकिन बदमाशों के सिर पर खून सवार था। कई लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके आधार पर पुलिस इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या मानकर जांच कर रही है।
वीडियो देखें
वारदात की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि विजय का किसी विरोधी गुट से पुराना विवाद चल रहा था। हालांकि कत्ल की असली वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन पुलिस इसे आपसी रंजिश मान रही है।
हत्या के बाद पुलिस ने इलाके में ए-कैटेगरी की नाकाबंदी कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। विजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का शक
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, दोनों गुटों में किसी आपराधिक मामले को लेकर विवाद चल रहा था। विरोधी गुट बाजिया से रंजिश रखता था और काफी समय से उसकी रेकी कर रहा था।
स्थानीय लोग इसे गैंगवार से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस अभी कत्ल के पीछे का पूरा मकसद खंगाल रही है।












