गोरखपुर में अखिलेश यादव ने 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालकर भाजपा के गढ़ में सियासी ताकत दिखाई। PDA रथ पर सवार होकर निकले अखिलेश ने हुंकार भरी- इस बार गोरखपुर की जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मोड में आ गए हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उन्होंने गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबा रोड शो कर सियासी माहौल गरमा दिया। PDA रथ पर सवार अखिलेश का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने फूल बरसाए और क्रेन की मदद से उन्हें बड़ी माला पहनाई। इस दौरान अखिलेश ने रथ की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सामने हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
रोड शो के दौरान पूरे रास्ते समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सपाई PDA रथ के आगे और पीछे दौड़ते नजर आए। समर्थकों के हाथों में 'टीपू इज बैक' के पोस्टर दिखाई दिए। वहीं, DJ पर 'यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है' और '2027 में अखिलेश आ रहे हैं' जैसे गाने बजते रहे।
एयरपोर्ट पर भी दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह
अखिलेश यादव बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर उनके स्वागत के लिए एक हजार से ज्यादा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। इस दौरान छह बटुकों ने मंत्रोच्चारण भी किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद अखिलेश रोड शो के लिए रवाना हुए।
अखिलेश बोले- जनता BJP को नौ बटे निल करेगी
रोड शो में उमड़ी भीड़ को देखकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में हमारे रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है।
अखिलेश ने आगे कहा कि इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को 'नौ बटे निल' कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट PDA का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा।
अखिलेश के इस रोड शो को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। गोरखपुर में PDA के जरिए पार्टी ने अपने समर्थकों को एकजुट करने और चुनावी माहौल बनाने की कोशिश की है।












