यूपी में 2027 की जंग के लिए बीजेपी ने अभी से कमर कस ली है! लखनऊ में अमित शाह ने अखिलेश यादव को 1990 के कारसेवक गोलीकांड की याद दिलाई, तो राहुल गांधी को अगले 20 साल तक जीत की उम्मीद छोड़ने की चुनौती दे दी। क्या है बीजेपी का चुनावी रोडमैप?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है। लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को ऐसा संदेश दिया, जिससे पार्टी के चुनावी इरादे साफ नजर आए। उन्होंने दावा किया कि यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। करीब चार घंटे तक चले मंथन में शाह ने विपक्ष पर हमले के साथ कार्यकर्ताओं को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का संदेश दिया।

अखिलेश यादव को याद दिलाया 1990 का गोलीकांड, राम भक्तों का उठाया मुद्दा

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत ही समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधकर की। उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि राम भक्तों पर गोलियां चलाने के लिए जनता कभी माफ नहीं करेगी। शाह ने कहा कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी को लगता है कि जनता पुरानी बातें भूल जाएगी, लेकिन लोग इसे याद रखेंगे। उन्होंने सरयू के पानी के राम भक्तों के खून से लाल होने का जिक्र कर राम मंदिर आंदोलन को फिर से सियासी बहस के केंद्र में ला दिया।

यह भी पढ़ें: जेल में बंद महिलाएं कैसे रखती हैं करवा चौथ का व्रत? सीतापुर में 17 को मिले पति के दीदार

73 लोकसभा सीटों से 312 विधानसभा सीटों तक का गिनाया सफर

बीजेपी की चुनावी ताकत का जिक्र करते हुए अमित शाह ने 2014 और 2017 के चुनावों के आंकड़े सामने रखे। उन्होंने कहा कि 2014 में तमाम चुनौतियों के बावजूद बीजेपी ने यूपी में 73 लोकसभा सीटें जीती थीं। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 41 फीसदी से अधिक वोट हासिल कर 312 सीटों पर जीत दर्ज की। शाह ने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना साधने को कहा। उनका स्पष्ट संदेश था कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में जीत और लगातार तीसरी बार यूपी में सरकार बनाना होना चाहिए।

राहुल गांधी को 20 साल की चुनौती, पंकज चौधरी ने भी दिया संदेश

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि उनके राजनीति में आने के बाद से कांग्रेस चुनाव हार रही है। उन्होंने दावा किया कि अगले 20 साल तक कांग्रेस जीतने वाली नहीं है। साथ ही कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि चुनाव में उनसे उनके कामकाज का हिसाब भी लिया जाएगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को लगातार मतदाताओं के संपर्क में रहने और विपक्ष के कथित भ्रम फैलाने के प्रयासों से सतर्क रहने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अमित शाह के बाद समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करना था।

यह भी पढ़ें: Helicopter Crash: बद्रीनाथ से उड़ान भरते ही गायब हुआ हेलिकॉप्टर! जोशीमठ के पास क्रैश, 5 लोग थे सवार