Badrinath Helicopter Accident: उत्तराखंड के जोशीमठ के पास बड़ा हादसा! बद्रीनाथ से लौट रहा Trans Bharat Aviation का हेलिकॉप्टर क्रैश होने की खबर है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पायलट समेत 5 लोग सवार थे। खराब मौसम के बीच SDRF और प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी।
उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ों में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया। बद्रीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा एक हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास अचानक लापता हो गया और फिर उसके क्रैश होने की खबर मिली। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 2:15 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान इलाके में भारी बर्फबारी हो रही थी। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और लापता हेलिकॉप्टर की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद टूटा संपर्क, 5 लोग थे सवार?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर Trans Bharat Aviation का था। इसमें पायलट समेत पांच लोगों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है। बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक इसके क्रैश होने की सूचना मिली।
हालांकि, हेलिकॉप्टर में सवार लोगों की सही संख्या और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान लापता यात्रियों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
यह भी पढ़ें: Blind School Diwali Mela: CM रेखा गुप्ता ने किया दिवाली बाजार 2026 का उद्घाटन, दिल्लीवालों से की एक खास अपील
दो हेलिकॉप्टर लगाए गए, SDRF और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें मौके पर सक्रिय हो गईं। लापता हेलिकॉप्टर का पता लगाने के लिए दो अन्य हेलिकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं। बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच के पहाड़ी इलाके में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, लगातार बारिश, घने बादल और बेहद कम दृश्यता के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के मुताबिक, सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी।
CM धामी खुद कर रहे निगरानी, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक हेलिकॉप्टर दुर्घटना की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सा केंद्रों तक तत्काल एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की है। फिलहाल हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
UCADA CEO ने बताई हेलिकॉप्टर की आखिरी लोकेशन, Trans Bharat Aviation का पूरा बेड़ा ग्राउंडेड
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के CEO प्रतीक जैन ने भी इस हादसे को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि Trans Bharat Aviation का हेलिकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के आसपास पहुंचने के बाद से हेलिकॉप्टर की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, SDRF और सेना की एक यूनिट को घटनास्थल के आसपास तैनात किया गया। प्रतीक जैन के मुताबिक, एहतियात के तौर पर Trans Bharat Aviation के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है। शुरुआती जानकारी में हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि होने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP UCC: 2027 में BJP की वापसी हुई तो यूपी में लागू होगी समान नागरिक संहिता! अमित शाह का बड़ा ऐलान




