Amit Shah Food Poisoning: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कर्नाटक दौरे के दौरान तबीयत बिगड़ गई। उन्हें फूड पॉइजनिंग की शिकायत थी। डॉक्टरों की सलाह पर आराम करने के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और वे शनिवार शाम दिल्ली लौट आए।
Amit Shah Health Condition: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कर्नाटक यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें फूड पॉइजनिंग के कारण उल्टी और थकान की शिकायत हुई। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि डॉक्टरों की जांच और आराम के बाद अमित शाह की सेहत में सुधार हुआ। इसके बाद शनिवार शाम वह दिल्ली लौट आए।
दो तय कार्यक्रमों में नहीं हो सके शामिल
अमित शाह शुक्रवार को कर्नाटक पहुंचे थे। उनके हुबली और बेलगावी में दो कार्यक्रम निर्धारित थे। हुबली में उन्हें केएलई जगद्गुरु मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की नई इमारत का उद्घाटन करना था। वहीं, बेलगावी में श्री बीरेश्वर को-ऑपरेटिव सोसाइटी के नए मुख्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम भी रखा गया था।
होटल में बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह
शुक्रवार रात होटल में रहने के दौरान अमित शाह को उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें होटल में ही आराम करने की सलाह दी। तबीयत खराब होने के कारण उनके दोनों तय कार्यक्रम प्रभावित हुए और वह उद्घाटन समारोहों में शामिल नहीं हो सके।
कार्यक्रम में सुनाया गया अमित शाह का संदेश
बेलगावी में अमित शाह की गैरमौजूदगी के बारे में पूर्व सांसद प्रभाकर कोरे ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से गृह मंत्री उद्घाटन समारोह में नहीं पहुंच पाएंगे। इस दौरान लोगों को अमित शाह का संदेश भी सुनाया गया।
प्रह्लाद जोशी ने दी स्वास्थ्य की जानकारी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मीडिया से बातचीत में अमित शाह की तबीयत खराब होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि फूड पॉइजनिंग के कारण उन्हें परेशानी हुई थी, लेकिन डॉक्टरों की निगरानी और आराम के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।
दिल्ली लौटने से पहले कैंपस पहुंचे अमित शाह
स्थानीय नेताओं के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बावजूद अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली लौटने से पहले केएलई मेडिकल कॉलेज कैंपस का दौरा किया। इसके बाद शाम को वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
