Anant Singh Net Worth Details: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के पास कितनी संपत्ति है? जानिए पत्नी नीलम देवी की दौलत, करोड़ों की जमीन, लग्जरी गाड़ियां और दोनों पर कुल कितना कर्ज है।
Anant Singh Property: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी राजनीतिक गतिविधियां नहीं, बल्कि परिवार में होने वाले बड़े समारोह और उनकी करोड़ों की संपत्ति है। बेटी शिवांगी सिंह की शादी और बेटे के उपनयन संस्कार की तैयारियों के बीच अनंत सिंह की दौलत को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। चुनावी हलफनामे में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की कुल घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। खास बात यह है कि संपत्ति के मामले में नीलम देवी अपने पति से काफी आगे हैं।
कितनी है अनंत सिंह की कुल संपत्ति?
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह ने अपनी कुल संपत्ति 37.88 करोड़ रुपये घोषित की है। इसमें 26.66 करोड़ रुपये की चल और 11.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। दूसरी ओर, उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम 62.72 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। इस तरह दोनों की कुल घोषित संपत्ति करीब 100.60 करोड़ रुपये हो जाती है।
ये भी पढ़ें- Shivangi Singh Marriage: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह लव मैरिज कर रही हैं या अरेंज? जानिए कैसे तय हुई शादी
पत्नी नीलम देवी के पास ज्यादा जमीन-जायदाद क्यों?
अचल संपत्ति के आंकड़ों पर नजर डालें तो नीलम देवी के नाम 49.65 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं, अनंत सिंह की अचल संपत्ति का मूल्य 11.22 करोड़ रुपये बताया गया है। दोनों के पास कृषि भूमि, गैर-कृषि जमीन, मकान और व्यावसायिक संपत्तियां हैं। यानी परिवार की कुल संपत्ति में जमीन और इमारतों की बड़ी हिस्सेदारी है।
लग्जरी गाड़ियों और गहनों पर भी बड़ी रकम
अनंत सिंह के पास तीन SUV हैं, जिनकी घोषित कीमत 3.23 करोड़ रुपये से अधिक है। उनकी पत्नी के नाम भी करीब 77.62 लाख रुपये की तीन गाड़ियां दर्ज हैं। गहनों की बात करें तो अनंत सिंह के पास 15 लाख रुपये का सोना है, जबकि नीलम देवी के पास सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 76.61 लाख रुपये बताई गई है।
100 करोड़ की संपत्ति के साथ कितना है कर्ज?
हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह पर 2.47 करोड़ रुपये और नीलम देवी पर 23.51 करोड़ रुपये की देनदारी है। दोनों का कुल कर्ज करीब 25.99 करोड़ रुपये बैठता है। इसे घोषित संपत्ति से घटाने पर करीब 74.61 करोड़ रुपये की संपत्ति बचती है। यह अनुमानित शुद्ध संपत्ति है, बैंक खाते में मौजूद रकम नहीं।
खेती से किराये तक, कहां से होती है कमाई?
आय के प्रमुख स्रोतों में खेती, निजी कारोबार, मकानों और जमीन से मिलने वाला किराया तथा विधायक का वेतन शामिल हैं। वित्त वर्ष 2024-25 के आयकर विवरण के मुताबिक, अनंत सिंह की सालाना आय 39.66 लाख रुपये और नीलम देवी की आय 88.89 लाख रुपये दर्ज की गई थी।












