Anant Singh Akshara Singh Meeting :छठ महापर्व पर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के घर मोकामा विधायक अनंत सिंह पहुंचे और खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अनंत सिंह ने अक्षरा को अपनी बेटी शिवांगी की शादी का न्योता दिया और मीडिया के सामने पत्रकारों को भी शादी में आने के लिए आमंत्रित किया।

पटना. लोक आस्था के महापर्व छठ पर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के घर सियासत और मनोरंजन जगत का खास मिलन देखने को मिला। मोकामा के विधायक और बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे अनंत सिंह छठ के खरना के दिन अक्षरा सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस मुलाकात की एक और खास बात रही। अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी के लिए अक्षरा सिंह को खास तौर पर न्योता भी दिया।

अक्षरा सिंह ने खुद जाकर दिया था न्योता

  • दरअसल, अक्षरा सिंह इस बार छठ महापर्व को खास अंदाज में मना रही हैं। उन्होंने बिहार की राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरों को अपने घर छठ पूजा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। इसी सिलसिले में एक्ट्रेस खुद मोकामा विधायक अनंत सिंह के आवास पर पहुंची थीं और उन्हें छठ पूजा में आने का न्योता दिया था।
  • अक्षरा के इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए अनंत सिंह खरना के दिन उनके घर पहुंचे। यहां उन्होंने छठ का प्रसाद ग्रहण किया और अक्षरा के परिवार के सदस्यों के साथ बातचीत भी की।

अनंत सिंह ने बेटी की शादी में बुलाया

  • अक्षरा सिंह के घर हुई इस मुलाकात के दौरान अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की आगामी शादी का जिक्र किया। उन्होंने एक्ट्रेस को शादी में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया।
  • घर से बाहर निकलने के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अक्षरा सिंह के घर छठ का प्रसाद खाने और उन्हें अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण देने आए थे। अपने बेबाक अंदाज में उन्होंने वहां मौजूद पत्रकारों को भी शादी में आने का न्योता दे दिया।

छठ पर दिखा सियासत और भोजपुरी सिनेमा का संगम

छठ बिहार का सबसे बड़ा लोक आस्था का पर्व माना जाता है। इस दौरान आम लोगों के साथ-साथ राजनीति और फिल्मी दुनिया की हस्तियां भी एक-दूसरे के घर पहुंचकर पर्व की खुशियां बांटती हैं। अक्षरा सिंह के घर अनंत सिंह का पहुंचना भी इसी खास मौके का हिस्सा रहा। अब उनकी इस मुलाकात की चर्चा मनोरंजन और राजनीतिक गलियारों में हो रही है।

View post on Instagram