Andhra Pradesh Crime : आंध्र प्रदेश की 17 साल की लड़की सौतेले पिता के यौन शोषण से बचकर ओडिशा भागी। वहां 3 लड़कों ने उसके साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया। पुलिस ने लड़की को बचाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सौतेले पिता पर भी केस दर्ज हुआ है।

आंध्र प्रदेश की एक 17 साल की लड़की के साथ ओडिशा के बेरहामपुर में कथित तौर पर गैंगरेप का मामला सामने आया है। वह अपने सौतेले पिता के यौन शोषण से बचने के लिए घर से भाग गई थी। पीड़िता आंध्र प्रदेश के कडपा जिले में रहती है। उसके पिता की मौत बचपन में ही हो गई थी। मां की दूसरी शादी के बाद उसका सौतेला पिता उस पर बुरी नजर रखने लगा और कई बार यौन शोषण की कोशिश की। एक बार जब लड़की सो रही थी, तो सौतेले पिता ने उसके साथ रेप करने की कोशिश की। इस घटना से डरकर लड़की घर से भाग गई और प्रशांति एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर बेरहामपुर पहुंच गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दर्दनाक है लड़की की बेबसी की कहानी

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बेरहामपुर पहुंचने पर लड़की ने गुजारे के लिए रेलवे स्टेशन के पास एक चाय की दुकान पर काम करना शुरू कर दिया। यहीं उसकी मुलाकात लांजीपल्ली के रहने वाले एक 15 साल के लड़के से हुई। उसने मीठी-मीठी बातें करके लड़की से दोस्ती कर ली। वह उसे अपने घर ले गया, जहां उसका परिवार भी रहता था। वहां लड़के ने बाहर घूमने के बहाने अपने दो और दोस्तों को बुला लिया।

दरिंदे नई-नई जगह ले जकर करते रहे रेप

  • 29 मार्च को तीनों लड़के, लड़की को एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने उसके खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया और फिर कथित तौर पर उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद भी वे उसे अलग-अलग सुनसान जगहों पर ले जाकर कई बार रेप करते रहे। इस बीच, गंजाम जिले की गोसाईं नुआगांव पुलिस को एक पक्की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कई जगहों पर तलाशी ली और नाबालिग लड़की को बचा लिया।
  • गोसाईं नुआगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लड़की का बयान दर्ज कर उसका मेडिकल कराया गया है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है।

आंध्र प्रदेश पुलिस ने लिया एक्शन

बेरहामपुर के एसपी सरवण विवेक एम ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 23 और 19 साल के दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि 15 साल के नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों पर गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश पुलिस ने पीड़िता के सौतेले पिता के खिलाफ भी यौन शोषण का एक और मामला दर्ज किया है, जिसकी वजह से लड़की को घर से भागना पड़ा था।