Owaisi vs Akhilesh Yadav: यूपी चुनाव 2027 से पहले AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा को 'यादव परिवार की पार्टी' बताते हुए मुजफ्फरनगर दंगों और मुस्लिम नेताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाया।
Asaduddin Owaisi: कैराना (उत्तर प्रदेश) [India], 26 अक्टूबर (ANI): यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। रविवार को यूपी के कैराना में एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का नाम बदलकर 'समाजवादी यादव परिवार' कर देना चाहिए। उन्होंने आजमगढ़ और फिरोजाबाद जैसी सीटों पर मुस्लिम नेताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाया। ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा, "अखिलेश यादव, आपकी पार्टी का नाम समाजवादी से बदलकर समाजवादी यादव परिवार हो जाना चाहिए। एक वक्त था जब आजमगढ़ से कोई मुस्लिम जीतता था, लेकिन अब वहां से अखिलेश के भाई सांसद हैं। फिरोजाबाद से भी कभी मुस्लिम सांसद हुआ करते थे, पर अब वहां भी अखिलेश के परिवार का ही कब्जा है।"
मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाई
ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर भी अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब हुई हिंसा में करीब 50 हजार लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा था। उन्होंने जनता से पूछा, "कैराना और मुजफ्फरनगर के लोगों, क्या यह सच नहीं है कि जब अखिलेश मुख्यमंत्री थे, तब इसी धरती पर हम सबने मुजफ्फरनगर दंगे देखे थे? उस वक्त 50 हजार लोगों को उनके घरों से निकाल दिया गया था।"
बेघर हुए परिवारों का दर्द
AIMIM चीफ ने आगे कहा कि दंगों के दौरान बच्चियों पर हमले हुए और कई बच्चे अनाथ हो गए। जो परिवार पीढ़ियों से अपने गांवों में रह रहे थे, वे अचानक बेघर हो गए। ओवैसी ने कहा, "उन बच्चियों पर हमले हुए और वो बच्चे अनाथ हो गए, जिनके परिवार 100-100 साल से अपने गांवों में रह रहे थे। उन्हें बेघर कर दिया गया। उस वक्त किसकी सरकार थी? समाजवादी सरकार थी। मुख्यमंत्री कौन था? अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे।"
मुस्लिम युवाओं को लीडर बनाएगी AIMIM
इससे पहले रविवार को ही रामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी मुस्लिम युवाओं को एक ऐसा मंच दे रही है, जहां से वे नेता बन सकें और मजलूमों को इंसाफ दिला सकें। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय में भी टैलेंट है, लेकिन उन्हें मौके नहीं मिलते। ओवैसी ने साफ कहा, "हम किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएंगे। हमारे ये युवा बेटे-बेटियां ही आगे आएंगे। दूसरे समुदायों की तरह युवा मुसलमानों में भी पूरी काबिलियत है। आपके पास भी टैलेंट है, बस आपको कोई मंच नहीं देता।"
ओवैसी ने कहा कि AIMIM युवाओं को लीडरशिप में आने और मजलूमों के हक के लिए लड़ने का मौका दे रही है। उन्होंने कहा, "AIMIM आपको आगे आने का मंच दे रही है। मेरे बेटों और बेटियों, नेता बनो, देश का नेतृत्व करो और मजलूमों को इंसाफ दिलाओ। AIMIM यही काम कर रही है और आज इसी वजह से बाकी लोग परेशान हैं। उनकी असली परेशानी यह है कि वे अब्दुल को नेता नहीं बनने देना चाहते।"
