Cyclone Arnab 2026: बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर को आंध्र तट से टकरा सकता है। ओडिशा में रेड अलर्ट और कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद, जानें पूरा अपडेट।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसमी सिस्टम अब दक्षिण और पूर्वी भारत के लिए चिंता बढ़ा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, यह सिस्टम चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। लैंडफॉल के समय हवाओं की रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंकों के 140 किमी/घंटे तक जाने का अनुमान है।

तूफान का असर अभी से तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा में दिखने लगा है। कई इलाकों में बारिश और जलभराव की स्थिति है, जबकि स्कूल-कॉलेजों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है।

28 अक्टूबर को आंध्र तट पर पहुंच सकता है ‘अर्नब’

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र 24 अक्टूबर को डिप्रेशन में बदल गया। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए पहले डीप डिप्रेशन और फिर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है। अगर यह तूफान बनता है तो क्षेत्रीय नामकरण सूची के अनुसार इसका नाम ‘अर्नब’ (Arnab) होगा। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के आसपास लैंडफॉल करने की आशंका है।

यह भी पढ़ें: ‘मोदी का बाप भी जाएगा’, पटना में खरगे के बयान से मचा हंगामा, PM मोदी को क्यों बोल गए ऐसा?

ओडिशा में रेड अलर्ट, 5 जिलों में स्कूल बंद

ओडिशा में गंजम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए 28 अक्टूबर को रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है। 60-70 किमी/घंटे की तेज हवाओं और गरज-चमक का भी अनुमान है। सरकार ने इन पांच जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला किया है। राहत-बचाव के लिए ODRAF की करीब 60, NDRF की 17 और दमकल विभाग की 225 टीमें तैनात की गई हैं।

तमिलनाडु में भारी बारिश, 9 बंदरगाहों पर चेतावनी

तमिलनाडु और पुडुचेरी में सिस्टम के असर से बारिश जारी है। चेन्नई समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी है। तमिलनाडु के 10 से अधिक जिलों में 26 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका के चलते स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं।

चेन्नई, नागपट्टिनम, कुड्डालोर, कराईकल, पंबन और तूतीकोरिन समेत नौ बंदरगाहों पर चक्रवात चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। तूफान की दिशा और तीव्रता में बदलाव को देखते हुए IMD के ताजा बुलेटिन पर नजर रखना जरूरी होगा।

यह भी पढ़ें: ..तो क्या खड़गे ने अपने ही कार्यकर्ता को पिटवा दिया, 'मोदी का बाप' बयान पर क्या बोला पिटने वाला शख्स?