नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात केस में एक बड़ा खुलासा हुआ है। एक सोशल वर्कर ने दावा किया है कि अशोक खरात की रुपाली चाकणकर और एकनाथ शिंदे के साथ्र फोन पर कई बार बातचीत हुई थी। बता दें कि इस केस में खरात से संबंध सामने आने के बाद रुपाली ने महाराष्ट्र महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।  

Ashok Kharat-Rupali Chakankar Latest News: नासिक के भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच सोशल वर्कर अंजली दमानिया ने दावा किया है कि महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर और अशोक खरात के बीच फोन पर कई बार बातचीत हुई। दमानिया ने, दोनों के बीच करीब 177 बार फोन पर बात होने का दावा किया है। दमानिया ने इस बात का खुलासा एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में किया।

रुपाली चाकणकर-अशोक खरात में कितने सेकंड हुई बात

दमानिया के मुताबिक, सीडीआर में यह भी सामने आया कि खरात ने अपनी पत्नी के बाद सबसे ज्यादा अगर किसी से बातचीत की तो वो रूपाली चाकणकर हैं। उन्होंने दावा किया कि चाकणकर और खरात के बीच कुल 177 बार फोन पर बातचीत हुई, जिसकी कुल अवधि 33,727 सेकंड बताई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों के बीच सबसे लंबी फोन कॉल करीब 21 मिनट की थी। बता दें कि अशोक खरात से संबंध सामने आने के बाद रूपाली चाकणकर ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें खरात की कथित आपराधिक गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

अशोक खरात और एकनाथ शिंदे के बीच 17 बार बातचीत

सोशल वर्कर अंजली दमानिया ने दावा किया है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और स्वयंभू ‘बाबा’ अशोक खरात के बीच भी कम से कम 17 बार फोन पर बातचीत हुई थी। दमानिया ने यह जानकारी एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में दी। दमानिया के इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे सेना के नेता और राज्य के मंत्री उदय सामंत ने कहा कि किसी व्यक्ति को फोन करना अपने आप में कोई अपराध नहीं है।

आशीष शेलार के साथ भी बातचीत का दावा

दमानिया ने यह भी दावा किया कि बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार और अशोक खरात के बीच भी एक बार फोन पर बातचीत हुई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के सीनियर लीडर और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि किसी से फोन पर बात करना या मिलना गलत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपराधिक जिम्मेदारी तभी तय होती है, जब किसी अपराध में सीधी संलिप्तता साबित हो।

अशोक खरात केस: कई नेताओं के साथ तस्वीरें वायरल

गौरतलब है कि मार्च 2026 में एक शादी-शुदा महिला ने अशोक खरात पर तीन साल तक बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। अब तक उसके खिलाफ कुल 8 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। गिरफ्तारी के बाद खरात की महाराष्ट्र के कई बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खरात के मंदिर का दौरा भी किया था।