नासिक के डर्टी बाबा अशोक खरात मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। विधायक की पत्नी समेत कई बड़े लोग उससे जुड़े थे। 10वीं फेल होने के बावजूद वह खुद को न्यूमेरोलॉजी एक्सपर्ट बताता था और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिलाओं का शोषण करता था।

Ashok Kharat Viral Video Case Update: महाराष्ट्र में नासिक के अशोक खरात उर्फ डर्टी बाबा को लेकर आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। खरात का न सिर्फ कई हाई-प्रोफाइल लोगों में उठना-बैठना था, बल्कि सत्ता से जुड़े कई बड़े लोग भी उससे मिलने के लिए लाइन लगाते थे। खरात का रसूख ऐसा था कि बड़े-बड़े मंत्री विधायक भी उससे सलाह लिया करते थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गणित में 28 नंबर लाने वाला कैसे बना ‘न्यूमेरोलॉजी एक्सपर्ट’

खरात के काले कारनामों की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है। जांच के दौरान खरात की 1983 की मार्कशीट बरामद हुई, जिसने उसके न्यूमेरोलॉजी एक्सपर्ट बनने के दावों की पोल खोल कर रख दी। खरात खुद को भले ही ‘डॉक्टर ऑफ कॉस्मोलॉजी’ और अंकशास्त्र का एक्सपर्ट बताता था, लेकिन हकीकत यह है कि 10वीं क्लास में उसे गणित में 100 में से सिर्फ 28 नंबर मिले थे। यानी वो इसमें फेल हो गया था। बावजूद इसके वह ‘न्यूमेरोलॉजी’ (अंकशास्त्र) के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रहा था और लोग उसके झांसे में फंस रहे थे।

विधायक की पत्नी भी थी ‘खास भक्त’

खरात के ‘ब्रह्मसदन’ और ईशान्येश्वर मंदिर में सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि राजनीतिक गलियारों से जुड़े कई लोग आते थे। जांच में यह भी पता चला है कि एक विधायक की पत्नी भी उसके खास भक्तों में गिनी जाती थी। वह रेगुलर पूजा करने आती थी और ट्रस्ट की हर एक गतिविधि में भी पूरी तरह एक्टिव रहती थी। इसके अलावा खरात से महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर के अलावा कई पूर्व मंत्रियों और अधिकारियों के संबंध भी थे, जिनकी तस्वीरें अब जांच के दायरे में हैं।

झूमर की लाइट से बताती थी ‘शुद्धिकरण’ का संकेत

SIT प्रमुख तेजस्वी सातपुते की जांच में एक खास ‘कोड लैंग्वेज’ के बारे में भी पता चला है। खरात के केबिन के बाहर एक झूमर लगा था। जब वह किसी महिला को ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर बुलाता था, तो झूमर की लाइट बंद कर देता था। जैसे ही झूमर की लाइट बंद होती, स्टाफ फौरन समझ जाता था कि अंदर क्या हो रहा है। यह एक तरह की कोड लैंग्वेज थी, जिसका मतलब था कि उस वक्त किसी को भी बाबा के केबिन में घुसने नहीं देना है। पता चला है कि इसी दौरान डर्टी बाबा महिलाओं का यौन शोषण करता था।

अश्लील वीडियो वायरल करने वालों पर कार्रवाई

बता दें कि अशोक खरात ने कई महिलाओं का यौन शोषण किया, जिसके वीडियो भी वायरल हुए हैं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में पीड़ित महिलाओं की पहचान उजागर करने वाले अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपी राहुल शिंदे और योगेश अधव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस साइबर एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर करीब 170 बेवसाइट से अश्लील वीडियो हटवा चुकी है।