महाराष्ट्र के नासिक में SIT ने पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष रूपाली चाकणकर से स्वघोषित धर्मगुरु अशोक खरात मामले में पूछताछ शुरू की। जांच में कथित राजनीतिक संबंध, शिवानिका ट्रस्ट और मामलों को दबाने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
Ashok Kharat Viral Video Case Latest Updates: महाराष्ट्र के नासिक में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर से पूछताछ शुरू कर दी है। यह पूछताछ स्वघोषित धर्मगुरु अशोक खरात से कथित संबंधों के मामले में की जा रही है। बता दें कि SIT का गठन अशोक खरात पर लगे दुष्कर्म के आरोपों और उनके कथित राजनीतिक संबंधों की जांच के लिए किया गया है।

महाराष्ट्र पुलिस अकादमी में शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारी तेजस्वी सातपुते के नेतृत्व में SIT की जांच नासिक स्थित महाराष्ट्र पुलिस अकादमी में शुरू हुई। जांच एजेंसी अशोक खरात के शिवानिका ट्रस्ट में रूपाली चाकनकर की कथित भूमिका की भी जांच कर रही है। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि क्या खरात के खिलाफ दर्ज मामलों को दबाने के लिए पुलिस अधिकारियों पर किसी तरह का दबाव डाला गया था।
अशोक खरात मामले में बढ़ी जांच
अशोक खरात से जुड़े मामले में SIT लगातार कई पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां राजनीतिक संपर्क, ट्रस्ट की गतिविधियों और कथित दबाव के एंगल को भी खंगाल रही हैं। मामले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में जांच से जुड़े और खुलासे सामने आ सकते हैं।
समन का पहले ही कर चुकीं उल्लंघन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूपाली चाकणकर को पहले भी SIT की ओर से पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए समन का पालन नहीं किया था। अब SIT इस पूरे मामले में उनसे विस्तृत पूछताछ कर रही है और कई अहम बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।
पद से इस्तीफे की भी खबरें
खबरों के अनुसार, रूपाली चाकणकर ने महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की महिला शाखा में अपने पद से पहले ही इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, इस मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, यह मामला सिर्फ अशोक खरात तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें शामिल अन्य लोगों, रसूखदार भक्तों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े लोगों को लेकर भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। बता दें कि इस केस में महाराष्ट्र महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और एनसीपी नेता रुपाली चाकणकर की बहन का नाम भी सामने आया है।


