नासिक के कथित ढोंगी बाबा अशोक खरात पर कई युवतियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई हैं। शादी से पहले खरात के संपर्क में आई इनमें से एक युवती ने तो दैहिक शोषण, धमकी और गर्भपात तक के आरोप लगाए हैं। 

Nashik Fake Baba Case: नासिक का कथित ढोंगी बाबा अशोक खरात इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। डर्टी बाबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाली एक युवती ने जो कहानी बताई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। युवती के मुताबिक, शादी से पहले वो पहली बार अशोक खरात के संपर्क में आई थी। इसके बाद उसके जीवन में कई ऐसी घटनाएं हुईं कि उसकी शादी टूट गई, और आखिर में उसे यौन शोषण का शिकार होना पड़ा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती हो गई थी और उसका गर्भपात कराया गया। साथ ही उसे धमकाया भी गया, जिससे वह लंबे समय तक डरी रही। लेकिन बाद में उसने हिम्मत करके नासिक पुलिस थाने में खरात के खिलाफ केस दर्ज कराया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साल 2013 में पहली मुलाकात और शादी की सलाह

पीड़ित महिला के मुताबिक, 2013 में वह अपने परिवार के साथ अशोक खरात के पास गई थी। ये वो समय था, जब परिवार वाले उसकी शादी के लिए रिश्ता ढूंढ रहे थे और शादी में आ रही दिक्कतों के चलते बाबा के पास सलाह लेने पहुंचे थे। नासिक के कनाडा कॉर्नर स्थित उसके ऑफिस में पहली मुलाकात हुई।

बाबा की शर्त, अनुष्ठान में नहीं होना चाहिए ससुराल पक्ष

अशोक खरात ने लड़के की फोटो देखकर कुछ मंत्र पढ़े और कहा कि शादी में कोई बाधा नहीं आएगी और वैवाहिक जीवन सुखी रहेगा। उसने यह भी कहा कि शादी के बाद मिरगांव स्थित ईशान्येश्वर मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान करना पड़ेगा। साथ ही उसने शर्त रखी कि इस अनुष्ठान में ससुराल पक्ष को साथ न लाया जाए। इस अनुष्ठान के बाद दिसंबर 2013 में युवती की शादी हो गई और बाद में वह 2 बच्चों की मां भी बनी। लेकिन समय के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। इस दौरान युवती के माता-पिता बार-बार अशोक खरात से सलाह लेने जाते रहे। खरात उन्हें ‘अभिमंत्रित पानी’, दवाइयां और अलग-अलग तरह के उपाय बताता रहा।

युवती को अकेले केबिन में बुलाया

फरवरी 2020 के आसपास जब पारिवारिक समस्याएं ज्यादा बढ़ गईं, तब युवती अपनी मां के साथ फिर से उसके पास गई। इस बार उसने युवती की मां को बाहर बैठा दिया और युवती को अकेले अपने केबिन में बुलाया।

खुद को ‘अवतारी पुरुष’ बता की युवती को चूमने की कोशिश

केबिन में अशोक खरात ने खुद को ‘अवतारी पुरुष’ और ‘त्रिकालदर्शी’ बताया। उसने कहा कि युवती का तलाक होना तय है और वह पिछले जन्म की अप्सरा है। इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि उसके भाग्य में दो विवाह हैं और उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। आरोप है कि उसने जबरन युवती को गले लगाया और उसे चूमने की कोशिश की। इसके बाद युवती ने बाबा का विरोध किया और वहां से तत्काल निकल गई।

तलाक के बाद फिर संपर्क और दबाव

करीब एक साल बाद, अक्टूबर 2021 में युवती का पति से तलाक हो गया। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए दिल्ली चली गई। हालांकि, उसके माता-पिता का खरात से संपर्क बना रहा। साल 2022 में जब युवती नासिक आई, तो खरात ने उसे फोन कर बुलाया और कहा कि उसके भविष्य के बारे में जरूरी बात करनी है। जब वह उससे मिलने गई, तो उसने फिर जबरदस्ती उसे पास बैठाया और चूमने की कोशिश की। उसने शादी का दबाव बनाया और कहा कि मना करने पर ‘ईश्वर का कोप’ होगा।

धार्मिक विधि के नाम पर शोषण का आरोप

पीड़ित युवती के अनुसार, खरात ने धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उसे तांबे की बोतल से पानी पिलाया और सिर पर रखने को कहा। इसके बाद वह उसके शरीर को छूते हुए पूजा का नाटक करने लगा और जबरन संबंध बनाए। डर के चलते युवती ने यह बात किसी को नहीं बताई, क्योंकि आरोपी ने उसे धमकाया था कि ऐसा करने पर उसकी जिंदगी में बहुत बड़ी परेशानी आएगी।

कई बार बुलाकर किया शोषण, गोली खिला कराया गर्भपात 

युवती का आरोप है कि उसे 3-4 बार और अलग-अलग अनुष्ठानों के नाम पर बुलाया गया। हर बार उसे प्रसाद के नाम पर ‘खारा पानी’ देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। कुछ समय बाद उसे पता चला कि वह गर्भवती है। जब उसने यह बात खरात को बताई, तो उसने उसे कुछ गोलियां दीं। उन गोलियों के सेवन के बाद ब्लीडिंग शुरू हुई और उसका गर्भपात हो गया।