असम के कामरूप में 8वीं की छात्रा से गैंगरेप। उसे गुवाहाटी के एक होमस्टे ले जाया गया, जहाँ उसके साथ दरिंदगी हुई। इस मामले में होमस्टे के 2 कर्मचारियों समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गुवाहाटी: असम के कामरूप जिले में 8वीं क्लास की एक छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। लड़की को गुवाहाटी के एक होमस्टे में ले जाकर दरिंदगी की गई। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, पसारिया गांव की रहने वाली यह लड़की 23 अगस्त की दोपहर को लापता हो गई थी। इसके बाद लड़की के परिवार ने हाजो पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले दादरा आउटपोस्ट में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। अगले दिन, यानी 24 अगस्त को सुबह करीब 5:47 बजे, लड़की गुवाहाटी के पानबाजार इलाके में मिली। दादरा आउटपोस्ट के इंचार्ज और परिवार वाले मौके पर पहुंचे और लड़की को सुरक्षित वहां से ले आए।
जांच में पता चला कि गोपालपारा का रहने वाला परमेश्वर नाथ नाम का एक युवक लड़की को बहला-फुसलाकर सौकुची इलाके के 'रंगमन ग्रैंड होमस्टे' में ले गया था। वहां रात भर लड़की के साथ रेप किया गया और फिर उसे पानबाजार इलाके में सड़क पर छोड़कर आरोपी भाग गए। पुलिस ने बताया कि इस घिनौने काम में परमेश्वर नाथ के अलावा हिरकज्योति दास, विशाल बरुआ, लखीधर नाथ और रजीप अली भी शामिल थे। इनमें से विशाल बरुआ और लखीधर नाथ उसी होमस्टे के कर्मचारी हैं, जहां यह वारदात हुई।
दादरा पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। लड़की की मेडिकल जांच कराई गई है और ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान भी दर्ज करा लिया गया है।


