असम के बिश्वनाथ में चलती कार में 15 वर्षीय लड़की से गैंगरेप। स्थानीय लोगों द्वारा बचाए जाने के बाद 5 आरोपी गिरफ्तार। POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
गुवाहाटी: असम के बिश्वनाथ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां चलती कार में 15 साल की एक लड़की से गैंगरेप के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना चारियाली पुलिस स्टेशन इलाके की है। कुछ स्थानीय लोगों ने एक कार को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। शक होने पर उन्होंने गाड़ी को रोका और लड़की को बचाया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। उन पर POCSO एक्ट के साथ-साथ किडनैपिंग और गैंगरेप की धाराएं भी लगाई गई हैं।

यह घिनौनी वारदात पिछले महीने हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे खाना खिलाने का लालच देकर कार में बैठाया गया था। इसके बाद, एक से ज़्यादा लोगों ने उसके साथ कई बार रेप किया। जब स्थानीय लोगों ने गाड़ी रोककर लड़की को बचाया, तो वह अर्धनग्न हालत में थी। कार में मौजूद आरोपी भी आधे-अधूरे कपड़ों में थे। बिश्वनाथ की एडिशनल एसपी दीप्ति माली ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को ज़ब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी चल रही है।
