अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की झांसी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। जानें अब कहां हैं अतीक के पांचों बेटे और पत्नी शाइस्ता।
माफिया डॉन अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि अबान की कार डिवाइडर से टकरा गई थी। हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास करने वाला अबान झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। हादसे के बाद अबान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अबान की मौत के बाद अतीक अहमद के 5 बेटों की मौजूदा स्थिति और परिवार की कहानी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
बड़ा बेटा : अतीक अहमद का बड़ा बेटा अहमद लखनऊ जेल में बंद
अतीक अहमद का सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद फिलहाल लखनऊ जेल में बंद है। उसके खिलाफ एक कारोबारी के अपहरण और मारपीट से जुड़ा मामला दर्ज है। रिपोर्ट के मुताबिक, उमर के खिलाफ कुल 2 मामले दर्ज हैं।
दूसरा बेटा: अतीक अहमद का दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद
अतीक का दूसरा बेटा अली अहमद इस समय झांसी जेल में बंद है। उसे सुरक्षा कारणों से प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल ट्रांसफर किया गया था। अली के खिलाफ कुल 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
तीसरा बेटा: अतीक अहमद के तीसरे बेटे असद की एनकाउंटर में हुई थी मौत
अतीक अहमद का तीसरा बेटा असद अहमद अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। उसके खिलाफ एक मामला दर्ज था। असद की मौत के बाद अब अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की भी सड़क हादसे में मौत हो गई है।
चौथा बेटा: अतीक का चौथा बेटा अहजम अब रिश्तेदार के घर रह रहा
अतीक अहमद का चौथा बेटा अहजम अहमद पहले बाल सुधार गृह में रहा था। फिलहाल वह प्रयागराज के हटवा इलाके में अपने एक रिश्तेदार के घर रह रहा है।
पांचवा बेटा: अबान की सड़क हादसे में गई जान
अबान अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन का सबसे छोटा बेटा था। 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वह अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई और हादसे में उसकी मौत हो गई।
अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन अब भी फरार
अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन के खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 24 फरवरी को हुए उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार बताई जा रही है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने की बात भी सामने आई है।
2023 में हुई थी अतीक और अशरफ की हत्या
15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई मोहम्मद अशरफ की पुलिस हिरासत में हत्या कर दी गई थी। दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अतीक अहमद के खिलाफ 101 और अशरफ के खिलाफ 57 मुकदमे दर्ज थे।
अब अतीक के परिवार में कौन-कौन?
अबान अहमद की मौत के बाद अतीक अहमद के परिवार में उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन, लखनऊ जेल में बंद बड़ा बेटा उमर, झांसी जेल में बंद दूसरा बेटा अली और रिश्तेदार के घर रह रहा बेटा अहजम रह गए हैं। अतीक का तीसरा बेटा असद पहले ही पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका था।


