एक लड़की ने ऑटोवाले को किराया देने के लिए गूगल पे किया, लेकिन पेमेंट फेल हो गया। उसने इस बारे में ऑटोवाले को हिंदी में मैसेज किया, लेकिन उधर से जो जवाब आया, वो देखकर वह हैरान रह गई।
सोशल मीडिया पर एक ऑटो ड्राइवर के 'कॉरपोरेट' अंदाज वाले मैसेज की खूब चर्चा हो रही है। निष्ठा शेट्टी नाम की एक लड़की ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जो अब वायरल हो गया है। लोग ऑटो ड्राइवर के प्रोफेशनलिज्म की तारीफ करते नहीं थक रहे।

हुआ ये कि निष्ठा अपने ऑफिस जाने के लिए एक ऑटो में बैठीं। किराया देने के लिए उन्होंने गूगल पे से पेमेंट की, लेकिन पेमेंट आईडी में कुछ दिक्कत की वजह से वो फेल हो गई। इसके बाद निष्ठा ने ड्राइवर को हिंदी में मैसेज करके बताया, 'पेमेंट फेल हो गया, आईडी की कुछ प्रॉब्लम की वजह से पैसे नहीं भेज पाई।'
लेकिन इस मैसेज पर ड्राइवर का जो जवाब आया, उसने निष्ठा को हैरान कर दिया। जवाब इतना प्रोफेशनल था कि निष्ठा को भी अंग्रेजी में रिप्लाई करना पड़ा।
ड्राइवर ने अंग्रेजी में लिखा: 'अगर आप वापसी में भी इसी ऑटो से आना चाहती हैं, तो मैं आपको पिक करने आ सकता हूं। आप लौटते समय पैसे दे सकती हैं, क्या यह ठीक रहेगा? या फिर मैं आपको जहां ड्रॉप किया था, वहां आ सकता हूं। अगर आपके पास कैश है तो मैं वहां आकर ले लूंगा।'
ये मैसेज पढ़कर निष्ठा भी सोच में पड़ गईं। उन्होंने वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहा, 'ये कोई ऑफिशियल ईमेल का जवाब क्यों दे रहे हैं?' निष्ठा ने बताया कि वो ड्राइवर का जवाब देखकर थोड़ा घबरा गईं और फौरन अंग्रेजी में रिप्लाई किया, 'शाम को 6 बजे वापसी के लिए आ जाइए।'
इस पर ड्राइवर का जवाब तो और भी कमाल का था। उन्होंने सिर्फ एक शब्द में लिखा— ‘Noted’। ये शब्द अक्सर कॉरपोरेट दुनिया में इस्तेमाल होता है, जिसका मतलब होता है कि 'आपकी बात नोट कर ली गई है'।
निष्ठा ने मजाक में यह भी कहा कि ड्राइवर का प्रोफेशनलिज्म तो उन कई लोगों से बेहतर है जिनके साथ उन्होंने काम किया है। वीडियो पर लोग मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'इस ऑटो ड्राइवर का लिंक्डइन प्रोफाइल बनना चाहिए'। वहीं दूसरे ने लिखा, ‘असली कॉरपोरेट स्टाइल तो वो आखिरी वाला ‘Noted’ है।’
